वाहनों की सघन जांच में 17 वाहनों पर जुर्माना
- राह-वीर योजना के प्रति लोगों को जागरूक किया गया
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला-जबलपुर मार्ग पर वाहनों की सघन जाँच का अभियान चलाया जा रहा है। परिवहन आयुक्त मप्र ग्वालियर और मंडला कलेक्टर के आदेश का पालन करते हुए जिला परिवहन अधिकारी और यातायात पुलिस ने शनिवार को इस अभियान के दौरान कुल 39 वाहनों का निरीक्षण किया गया। जाँच में यात्रियों से अधिक किराया लेने, फिटनेस, परमिट, बीमा, पीयूसी, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट-एड बॉक्स, ओवरलोडिंग, हेलमेट, सीटबेल्ट और ब्रेथ एनालाइजर की जांच की गई। बताया गया कि सघन जांच अभियान के तहत मोटरयान अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के उल्लंघन में 17 वाहनों से 15 हजार रुपए का समन शुल्क वसूल किया गया है।
जाँच अभियान के दौरान राह-वीर योजना के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया। बताया गया कि यह योजना सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार द्वारा शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को गोल्डन आवर के दौरान चिकित्सा सहायता प्रदान करना है। इस योजना के तहत घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुँचाने वाले नागरिक को 25 हजार रुपए और एक सर्टिफिकेट देकर प्रोत्साहित किया जाता है। लोगों को जागरूक करने के लिए वाहनों पर राह-वीर योजना से संबंधित पोस्टर भी लगाए गए।
इसके साथ ही यात्री बसों में किराया सूची भी लगाई गई और चालकों-परिचालकों को निर्देशित किया गया कि वे सूची के अनुसार ही किराया लें। उन्हें यह भी चेतावनी दी गई कि अधिक किराया लेने या किसी अन्य शिकायत पर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस चेकिंग अभियान में जिला परिवहन अधिकारी विमलेश कुमार गुप्ता, यातायात उपनिरीक्षक योगेश राजपूत और परिवहन कार्यालय व यातायात थाने के स्टाफ शामिल रहा। यह जाँच अभियान आगे भी जारी रहेगा।









