पांच दिवसीय रजा स्मृति 2025 का शुभारंभ, कला वीथिका में उमड़े शौकीन
- प्रसिद्ध चित्रकार सैयद हैदर रजा को कला और संस्कृति के संगम से दी श्रद्धांजलि
- कलाकारों और बच्चों में उत्साह
मंडला महावीर न्यूज 29. विश्व प्रसिद्ध चित्रकार सैयद हैदर रजा की स्मृति में रजा फाउंडेशन नई दिल्ली द्वारा आयोजित पांच दिवसीय रजा स्मृति 2025 का शनिवार को रजा कला वीथिका में शुभारंभ किया गया। इस कला उत्सव का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जिला अधिवक्ता संघ मंडला अध्यक्ष अधिवक्ता रामेश्वर झारिया, जिला कांग्रेस कमेटी मंडला अध्यक्ष अधिवक्ता राकेश तिवारी, सांसद प्रतिनिधि अधिवक्ता जयदत्त झा, अधिवक्ता मनोज फागवानी और राजेश साहू की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। वरिष्ठ चित्रकार अखिलेश ने रजा स्मृति के विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। अतिथियों ने रजा कला वीथिका का भ्रमण कर चित्रकारी कर रहे कलाकारों के कार्यों का अवलोकन किया और छाते में चित्रकारी करने वालों को छाते वितरित किए। मिट्टी के चाक में हो रहे कार्यों का भी जायजा लिया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा ने रजा फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इससे मंडला में कला के प्रति अच्छा माहौल बन रहा है। अधिवक्ता रामेश्वर झारिया और राकेश तिवारी ने भी बच्चों को पेंटिंग करते देख खुशी व्यक्त की और कला क्षेत्र में फाउंडेशन के उल्लेखनीय योगदान पर प्रकाश डाला। सांसद प्रतिनिधि अधिवक्ता जयदत्त झा ने मूर्तिकला, टेराकोटा और स्क्रैप वर्कशॉप जैसे कार्यों के माध्यम से कलाकारों को प्रोत्साहित करने के फाउंडेशन के सराहनीय प्रयासों का उल्लेख किया।
रजा स्मृति 2025 में 19 से 23 जुलाई तक मंडला और पाटनगढ़ के गोंड कलाकार रामकुमार श्याम, सुनील श्याम, फुलचन्द धुर्वे, विजय उईके, किशन उईके, संतोष श्याम, अनुज तेकाम, टामशीराम परस्ते और संजय पंचेश्वर गोंड, राधेश्याम खैरवार गौंड चित्रकारी करेंगे। नागपुर कॉलेज ऑफ आर्ट के छात्र भी यहां चित्रकारी कर रहे हैं। 20 जुलाई की शाम सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। इसमें संजना पाडोले, साहिल गोरबड़े, हर्षल बर्डे, सुमित धोरे, तनु चौहान, श्रावणी शेरम, राहुल बोरकर, वैभव अटलकर, संपदा पांडे और खुशी मर्जीवे शामिल है। बता दे ये छात्र नागपुर के उसे कॉलेज के छात्र है जिसमे सैयद हैदर रज़ा ने कला की पढाई की थी।
रज़ा स्मृति की सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत 20 जुलाई 2025 की शाम 7:15 से शुरू होगी। झंकार भवन में रानू चंद्रौल व जगदीश कछवाहा के शिष्यों द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। इस आयोजन में जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद्, मंडला, इनर वोइस सोसाइटी और नागपुर कॉलेज ऑफ आर्ट सहयोगी हैं। रजा फाउंडेशन के सदस्य सचिव संजीव चौबे ने सभी कला प्रेमियों से इन आयोजनों में शामिल होने की अपील की है।











