नंदी बैल को वाहन ने मारी टक्कर, गंभीर घायल

कटरा हॉस्पिटल के सामने नंदी बैल को वाहन ने मारी टक्कर, गंभीर घायल

  • घायल नंदी बैल की मदद को आगे आए गौ रक्षक और स्थानीय लोग
  • गौशाला में उपचार जारी

मंडला महावीर न्यूज 29. मंगलवार रात्रि करीब 9 बजे कटरा हॉस्पिटल के सामने एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक नंदी बैल गंभीर रूप से घायल हो गया। अज्ञात वाहन ने नंदी बैल को जोरदार टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया। इस हादसे में नंदी बैल का पिछला पैर टूट गया और उसकी कमर में भी गंभीर चोट आई है। घायल नंदी बैल के बारे में सूचना विश्व हिंदू परिषद गौ रक्षा प्रमुख रेणु कछवाहा को मिली। सूचना मिलते ही रेणु कछवाहा बिना देर किए मौके पर पहुंचीं और तत्काल पशु चिकित्सक को इसकी जानकारी दी। पशु चिकित्सक की टीम ने मौके पर पहुंचकर नंदी बैल का प्राथमिक उपचार किया।

इस दौरान घटना स्थल से गुजर रहे स्थानीय लोगों और राहगीरों ने भी मानवता का परिचय देते हुए घायल नंदी बैल की मदद के लिए हाथ बढ़ाया। सभी ने मिलकर नंदी बैल को दयोदय पशु गौशाला भेजने में सहायता की। बताया गया कि एक वाहन की सहायता से घायल बैल को दयोदय पशु गौशाला ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका गहन उपचार किया।

चिकित्सकों ने बताया कि नंदी बैल का पिछला पैर बुरी तरह टूट गया है, जिसके चलते उसके पैर में प्लास्टर बांधा गया है। गौशाला में चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है और उम्मीद है कि उचित उपचार से नंदी बैल जल्द ही स्वस्थ हो जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस घटना ने एक बार फिर सड़क पर घूमते बेसहारा पशुओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं और ऐसे वाहनों पर लगाम लगाने की बात कही है। रेणु कछवाहा और स्थानीय लोगों की त्वरित मदद से नंदी बैल को समय पर उपचार मिल सका, जिससे उसकी जान बच पाई।



 

Leave a Comment