आज से झूलेलाल चालीसा महोत्सव का आगाज

आज से झूलेलाल चालीसा महोत्सव का आगाज, 40 दिनों तक चलेंगे धार्मिक अनुष्ठान

  • अंबेडकर वार्ड स्थित मंदिर में अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित कर होगा छठवें चालीसा महोत्सव का शुभारंभ

मंडला महावीर न्यूज 29. सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान श्री झूलेलाल की आराधना का महापर्व चालीसा महोत्सव आज 16 जुलाई से अंबेडकर वार्ड स्थित भगवानी बाई केवल राम श्री झूलेलाल मंदिर में पूरे भक्तिभाव और धूमधाम के साथ शुरू किया जाएगा। इस 40 दिवसीय धार्मिक आयोजन का मुख्य उद्देश्य सभी परिवारों की खुशहाली और समृद्धि की कामना करना है।

बताया गया कि आज सुबह सामाजिक पुरोहित द्वारा श्री झूलेलाल मंदिर में अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित कर छठवें चालीसा महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। इन चालीस दिनों तक मंदिर में सुबह और शाम की आरती-पूजा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित होकर भगवान की आराधना करेंगे। चालीसा महोत्सव के दौरान भक्त अपनी आस्था और भक्ति के हिसाब से चालीस दिनों तक उपवास रखेंगे। इस भव्य आयोजन के लिए मंदिर समिति द्वारा सभी तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। इनमें मंदिर की साज-सज्जा, विशेष प्रसादी और अन्य आवश्यक सामग्रियों का संग्रह किया जा रहा है।

महाआरती, छप्पन भोग और होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम 

प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी श्री झूलेलाल चालीसा महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा विविध धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन किए जाएंगे। सुबह-शाम की आरती-पूजा के साथ भगवान को नाना प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा। हर शुक्रवार को महाआरती का आयोजन होगा और विशेष अवसरों पर छप्पन भोग व महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा। इन चालीसा महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों में श्रद्धालु भक्तिभाव से भगवान श्री झूलेलाल की स्तुति करते हुए अपनी श्रद्धा व्यक्त करेंगे।


 

Leave a Comment