विश्व जनसंख्या दिवस पर इको क्लब ने किया वृक्षारोपण

विश्व जनसंख्या दिवस पर इको क्लब ने किया वृक्षारोपण

  • पर्यावरणविद् राजेश क्षत्री ने छात्रों को वायु दूत ऐप पर एक पेड़ मां के नाम अभियान से जोड़ा

मंडला महावीर न्यूज 29. पंडित जवाहरलाल नेहरू स्कूल महाराजपुर में इको क्लब के छात्रों द्वारा विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। यह आयोजन प्राचार्य दिनेश भारतीय के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें छात्रों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। इस अवसर पर पर्यावरणविद् राजेश क्षत्री ने छात्रों को संबोधित करते हुए बढ़ती जनसंख्या के दबाव से प्रकृति, जंगलों और नदियों पर पड़ रहे नकारात्मक प्रभावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किस प्रकार जनसंख्या वृद्धि के कारण जलवायु परिवर्तन पर विपरीत असर पड़ रहा है। श्री क्षत्री ने प्रकृति को बचाने के लिए जनसंख्या नियंत्रण के साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और संवर्धन पर जोर दिया। उन्होंने छात्रों से पॉलिथीन और ईंधन का कम से कम उपयोग करने का आह्वान किया जिससे प्रकृति में संतुलन बना रहे।

कार्यक्रम के दौरान राजेश क्षत्री ने छात्रों को वायु दूत ऐप के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को अंकुर अभियान के तहत एक पेड़ मां के नाम पहल से जुडऩे के लिए प्रोत्साहित किया। छात्रों को अपने मोबाइल से प्ले स्टोर से वायु दूत ऐप डाउनलोड करने, मांगी गई जानकारी भरने और वृक्षारोपण करते समय पेड़ और स्थान का नाम डालकर फोटो अपलोड करने की विधि सिखाई गई। श्री क्षत्री ने बताया कि एक महीने बाद फिर से फोटो अपलोड करने पर मध्य प्रदेश शासन द्वारा उनके मोबाइल पर ही प्रमाण पत्र प्राप्त हो सकेगा। इस कार्यक्रम में प्रतिज्ञा पटेल, चांदनी चौरसिया जोरासिंह समेत छात्र उपस्थित रहे।


 

Leave a Comment