एनएच 30 में भीषण सड़क हादसा, महिला की मौत
- चाचा, भतीजा घायल, एक जबलपुर रैफर
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जबलपुर नेशनल हाईवे 30 पर तिंदनी पेट्रोल पंप के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार ट्रक ने एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से एक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जबलपुर रेफर कर दिया गया है।
जानकारी अनुसार हादसे का शिकार हुए लोग शहर के जाने-माने राजुल होंडा के संचालक राकेश अग्रवाल उनकी पत्नी और उनका भतीजा राहुल अग्रवाल पिता राजेश अग्रवाल था। इस भीषण टक्कर में राकेश अग्रवाल की पत्नी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि राकेश अग्रवाल को गंभीर चोटें आने के कारण मंडला से जबलपुर रेफर किया गया है। उनके साथ मौजूद भतीजा का इलाज मंडला जिला अस्पताल में चल रहा है।
स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद काफी आक्रोश है। उनका कहना है कि तिंदनी पेट्रोल पंप के पास का यह इलाका हादसों का गढ़ बन चुका है, लेकिन प्रशासन द्वारा न तो स्पीड ब्रेकर लगाए गए हैं और न ही कोई चेतावनी बोर्ड या गति नियंत्रण के उपाय किए गए हैं। लोगों ने ट्रकों की अनियंत्रित रफ्तार और हाईवे पर सुरक्षा उपायों की कमी को लेकर अपनी नाराजगी व्यक्त की, क्योंकि इस जगह पर पहले भी कई जानलेवा दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।









