निवास में दर्दनाक हादसा, ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत, वायरल हुआ भयावह वीडियो
- निवास के मुकास गांव में कृषि कार्य के दौरान हुआ हादसा
- पुलिस जांच में जुटी भीड़
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खिन्हा के पोषक ग्राम मुकास में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें ट्रैक्टर पलटने से उसके चालक की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना का एक भयावह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी अनुसार 20 वर्षीय रवि प्रकाश उईके पिता शमशेर सिंह अपने चाचा बारे लाल के खेत में कृषि कार्य कर रहा था। खेत की गीली मिट्टी में ट्रैक्टर का एक पहिया फंस गया था, रवि प्रकाश कल्टीवेटर खोलकर कैचविल में लकड़ी डालकर ट्रैक्टर को निकालने का प्रयास कर रहा था, इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर ऊपर उठा और देखते ही देखते पलट गया। बताया गया कि घटना के समय खेत मालिक के अलावा अन्य लोग भी मौजूद थे।
वीडियो में कैद हुआ खौफनाक मंजर
यह पूरा दर्दनाक हादसा पास खड़े एक युवक के मोबाइल में कैद हो गया। बताया गया कि युवक खेती में किसानों की मेहनत दिखाने के लिए रील्स बना रहा था, इसी दौरान यह अनहोनी हो गई और दुर्घटना का लाइव वीडियो रिकॉर्ड हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट जाता है और चालक उसके नीचे दब जाता है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत रवि प्रकाश को ट्रैक्टर के नीचे से निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मौके पर ही रवि प्रकाश की मौत हो गई थी। इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना तत्काल निवास 100 डायल को दी गई। जानकारी मिलते ही निवास पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। पुलिस ने बताया कि चालक के शव का पोस्टमार्टम निवास में किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे












