घुघरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भवन क्षतिग्रस्त
- मूसलाधार बारिश के कारण मरीजों को पुराने भवन में नहीं किया जाएगा भर्ती
मंडला महावीर न्यूज 29. आत्यधिक बारिश के कारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघरी का पुराने भवन और आईपीडी वार्ड बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया हैं। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीरज राज ने सूचना जारी कर बताया कि लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते अस्पताल की छत से पानी टपक रहा है और दीवारों में गहरी दरारें आ गई हैं। इतना ही नहीं दीवारों में करंट आने की भी शिकायतें मिली हैं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को हादसे का अंदेशा बना हुआ है।
बताया गया कि इस विषम परिस्थिति को देखते हुए खंड चिकित्सा अधिकारी ने मरीजों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल प्रभाव से मरीजों की भर्ती पर रोक लगा दी है। यह रोक भवन की मरम्मत और मौसम सामान्य होने तक जारी रहेगी। हालांकि सूचना के माध्यम से यह भी स्पष्ट किया गया है कि अस्पताल में आपातकालीन सेवाएं पहले की तरह ही चालू रहेंगी। गंभीर रूप से बीमार या दुर्घटनाग्रस्त मरीजों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
डॉ. नीरज राज ने इस असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए कहा कि मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा सर्वोपरि है। भवन की स्थिति सुधरते ही मरीजों की भर्ती प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी जाएगी। बताया कि घुघरी क्षेत्र में लगातार भारी वर्षा हो रही है, जिससे कई अन्य स्थानों पर भी नुकसान की खबरें आ रही हैं। अब स्थानीय लोगों ने स्थानीय प्रशासन और जिला प्रशासन से इस ओर ध्यान देने के साथ जल्द से जल्द स्वास्थ्य केंद्र की मरम्मत कार्य को पूरा कराया जाए। जिससे क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित ना रहना पड़े।










