मोहगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- 2.95 लाख का गांजा जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार
- ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत पुलिस ने 17 किलो से अधिक गांजा पकड़ा
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले की मोहगांव पुलिस ने विगत दिवस एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 17 किलो 464 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 95 हजार 680 रूपए है। इस दौरान एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है। बताया गया कि मोहगांव पुलिस मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम चाबी में एक व्यक्ति अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा छिपाकर रखा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मोहगांव ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और एक विशेष टीम का गठन कर दबिश के लिए रवाना हुए।
दबिश के दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुन्ना लाल यादव पिता माधव लाल यादव 49 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 04 ग्राम चाबी को हिरासत में लिया। आरोपी के कब्जे से प्लास्टिक के ड्रम में छिपाए गए 11 पैकेट और टीन की पेटी में रखे 6 पैकेट, कुल 17 पैकेट में 17 किलो 464 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। आरोपी का कृत्य एनडीपीएस की धारा 8/20 के तहत अपराध पाए जाने पर थाना मोहगांव में उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत कार्रवाई जारी
बताया गया कि मंडला पुलिस द्वारा इन दिनों ऑपरेशन क्लीन स्वीप चलाया जा रहा है, जिसके तहत मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त व्यक्तियों की सूचना मिलने पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मोहगांव, वेदराम हनोते के नेतृत्व में उपनिरीक्षक नंदश्माम धुर्वे, जयराम सैयाम, गौरव तिवारी, वंदना शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक जमुना पड़वार, प्रधान आरक्षक मनोज मरकाम, चैनसिंह सैयाम, आरक्षक हेमंत मरावी, खेमसिंह, हीरा वरकड़े और चालक आरक्षक रेवा मरावी की सराहनीय भूमिका रही।










