रानी दुर्गावती कॉलेज मंडला में सीएलसी राउंड शुरू, प्रवेश और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 30 जून
- रोजगारोन्मुखी एईडीपी पाठ्यक्रमों में भी 30 जून तक करें पंजीयन, छात्रों को मिलेगा 8 हजार स्टायपेंड
मंडला महावीर न्यूज 29. प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मंडला में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए प्रवेश प्रक्रिया का महत्वपूर्ण सीएलसी राउंड शुरू हो गया है। इसके साथ ही द्वितीय चरण की प्रवेश सूची में शामिल विद्यार्थियों के लिए शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि भी निर्धारित की गई है। महाविद्यालय प्रबंधन ने बताया है कि प्रथम चरण की प्रवेश प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है और द्वितीय चरण की प्रवेश सूची जारी कर दी गई है। इस सूची में चयनित सभी विद्यार्थियों को 30 जून तक अपनी प्रवेश शुल्क जमा करना अनिवार्य है।
जानकारी अनुसार उच्च शिक्षा विभाग ने सीएलसी के प्रथम चरण के ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। जिन विद्यार्थियों ने अभी तक प्रवेश के लिए पंजीकरण नहीं कराया है, वे 30 जून तक ऑनलाइन माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं। ऐसे विद्यार्थी जिनका नाम पहली प्रवेश सूची में आ गया था लेकिन किसी कारणवश वे शुल्क जमा नहीं कर पाए थे, वे भी अपना पिछला आवंटन/पंजीकरण रद्द कर 30 जून तक पुन: पंजीकरण कर सकते हैं। इसके साथ ही ऐसे विद्यार्थी जो स्नातक स्तर पर अपने मेजर और माइनर विषय के अलावा किसी अन्य विषय में स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रवेश लेना चाहते हैं, उन्हें भी उच्च शिक्षा विभाग द्वारा 30 जून तक पंजीकरण की सुविधा प्रदान की गई है।
रोजगारोन्मुखी एईडीपी पाठ्यक्रम
सत्र 2025-26 से रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय के पारंपरिक विषयों के अतिरिक्त अप्रेंटिसशिप एम्बेडेड डिग्री प्रोग्राम के तहत भी प्रवेश दिए जा रहे हैं। यह तीन वर्षीय रोजगार मूलक पाठ्यक्रम है। इन पाठ्यक्रमों के तहत, विद्यार्थियों को प्रथम और द्वितीय वर्ष में महाविद्यालय में अध्ययन करना होगा, जबकि तीसरे वर्ष में विभाग द्वारा चयनित संस्था में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करना होगा। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को प्रतिमाह 8 हजार का स्टायपेंड भी प्रदान किया जाएगा। ये पाठ्यक्रम टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी ऑपरेशन (कला), मार्केटिंग सेल्स (फार्मा एंड मेडटेक) (विज्ञान) और रिटेल ऑपरेशन तथा बैंकिंग एवं फाइनेंशियल सर्विस एंड बीमा (वाणिज्य) संकाय में उपलब्ध हैं। इन पाठ्यक्रमों में भी पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित की गई है।









