दो वर्ष के कार्यकाल में मिला सहयोग और प्रेम, बिताए पल रहेंगे अविस्मरणीय
- जनपद पंचायत नारायणगंज सीईओ गौरीशंकर डहरिया को दी भावभीनी विदाई
मंडला महावीर न्यूज 29. जनपद पंचायत नारायणगंज के सीईओ गौरीशंकर डहरिया का विदाई समारोह जनपद पंचायत सभा कक्ष में आयोजित किया गया। गौरीशंकर डहरिया 30 जून को अपने शासकीय कार्यकाल से सेवानिवृत्त हो रहे हैं, जिसके उपलक्ष्य में यह समारोह आयोजित किया गया। लगभग दो वर्षों तक नारायणगंज में सेवारत रहे सीईओ गौरीशंकर डहरिया का कार्यकाल बेहद सराहनीय रहा। उनके नेतृत्व में नारायणगंज जनपद पंचायत ने जिले और प्रदेश स्तर पर उल्लेखनीय ख्याति प्राप्त की। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल की जमकर प्रशंसा की। इस अवसर पर वक्ताओं ने सीईओ गौरीशंकर डहरिया के समर्पण, कार्यकुशलता और मिलनसार व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में अनेक विकास कार्यों को गति मिली।

विदाई समारोह में जनपद पंचायत के समस्त अधिकारी-कर्मचारी, जनपद पंचायत अध्यक्ष आशाराम भारतीया, जनपद उपाध्यक्ष अविनाश शर्मा, बीसी आकांक्षी हेमंत चंद्रौल, स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने सीईओ गौरीशंकर डहरिया को उनके सुनहरे भविष्य और सेवानिवृत्त जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। सीईओ गौरीशंकर डहरिया ने भी अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग और प्रेम के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नारायणगंज में बिताया गया समय उनके लिए अविस्मरणीय रहेगा।










