निवास में चोरों का आतंक, शिक्षक के घर लाखों की चोरी

निवास में चोरों का आतंक जारी, शिक्षक के घर लाखों की चोरी

  • अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की सुबह वारदात
  • नकदी और जेवर पार
  • निवास पुलिस जांच में जुटी

मंडला महावीर न्यूज 29. निवास नगर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं, जिससे चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। बताया गया कि निवास नगर के वार्ड नंबर पांच स्थित भारतीय स्टेट बैंक के पीछे फिर एक चोरी की वारदात को अज्ञात चोरों ने अंजाम दिया है। जहां एक शासकीय शिक्षक के घर से लाखों के कीमती जेवर और नकदी चोरी हो गई।

बताया गया है कि अज्ञात चोरों ने शनिवार की सुबह लगभग 4 बजे इस वारदात को अंजाम दिया। चोर घर के पीछे से बाउंड्री वॉल कूदकर अंदर घुसे और खिड़की पर लगी लोहे की ग्रिल तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने घर के अंदर रखीं दो अलमारियों के ताले तोड़कर उनमें रखे लगभग चार तोला सोना, 25 तोला चांदी और दस हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

घटना उस समय हुई जब घर के सदस्य शासकीय शिक्षक अश्वनी पांडे पिता लक्ष्मी प्रसाद 55 वर्ष अपने परिवार के साथ घर के सामने सो रहे थे। उन्हें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सुबह लगभग 5 बजे उठना था। जब वे उठे और घर के पीछे जाकर देखा, तो अलमारियां बिखरी हुई थीं और उनके ताले टूटे हुए थे। यह देखकर उन्हें चोरी का पता चला।

घटना की जानकारी तत्काल निवास पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही निवास थाना प्रभारी वर्षा पटेल अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने मंडला से फिंगर प्रिंट टीम को भी घटना की जानकारी दी। स्थानीय पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। निवास नगर में बढ़ती चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है और वे पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे



 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles