नारी शक्ति को मिली ग्राम सभा की कमान
- रोजकुंड में चुनी गईं अहिना मार्को ग्राम सभा अध्यक्ष
- जागरूकता रैली और पेसा नियमों पर हुई चर्चा
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय मंडला से लगभग 60 किलोमीटर दूर बीजाडांडी ब्लाक की ग्राम पंचायत बारोंची की ग्राम सभा रोजकुंड में पेसा एक्ट के तहत एक महत्वपूर्ण परिवर्तन देखा गया। इस बार ग्राम सभा ने सर्वसम्मति से अहिना मार्को को अपना नवीन ग्राम सभा अध्यक्ष चुना है। इससे पहले सोहन कुशराम का एक वर्ष का कार्यकाल सफलतापूर्वक समाप्त हो चुका था।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा और डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर के तिलक बंधन के साथ हुई, जो आदिवासी और सामाजिक न्याय के प्रति सम्मान का प्रतीक था। इसके बाद ग्रामीणजनों ने मिलकर पेसा एक्ट की जागरूकता रैली निकाली और पूरे गांव का भ्रमण किया। इस रैली में सभी ग्रामीणों ने उत्साह के साथ भाग लिया। भ्रमण कार्यक्रम के बाद सभी ग्रामवासी स्कूल प्रांगण में एकत्रित हुए। मध्यप्रदेश पंचायत उपबंध अनुसूचित क्षेत्रों पर विस्तार नियम के अध्याय दो, नियम 4 के अंतर्गत नवीन अध्यक्ष का चयन किया गया। अहिना मार्को के चयन के साथ ही नई समिति और सदस्यों को भी ग्राम सभा द्वारा पूर्ण समर्थन दिया गया। यह कदम ग्रामीण विकास और सशक्तिकरण में नारी शक्ति की बढ़ती भूमिका को रेखांकित करता है।
बताया गया कि इस बैठक में सामाजिक कार्यकर्ता संजय कोकडिय़ा, पटवारी सतीश परते, सचिव टंडन, जिला समन्वयक सोमेन्द्र कुमार कुशराम, ब्लॉक समन्वयक सपना कोल और ग्राम पेसा मोबिलिजऱ भीकम पंद्रो सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया और नारी नेतृत्व को समर्थन दिया।









