लोन धोखाधड़ी का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

मंडला में लोन धोखाधड़ी का भंडाफोड़, बिछिया पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

  • भोली-भाली ग्रामीण महिलाओं को निशाना बनाकर लाखों का किया फर्जीवाड़ा
  • मुख्य आरोपी और उसके साथियों की तलाश जारी

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के बिछिया ब्लॉक और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लोन के नाम पर बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का बिछिया पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। यह मामला तब सामने आया जब बिछिया ब्लॉक और आसपास के ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक मंडला को एक शिकायत दी। शिकायत में बताया गया कि सुखचैन उद्दे निवासी खमरोटी और उसके साथी गाँव-गाँव जाकर महिलाओं को समूह बनाने और माइक्रो फाइनेंस कंपनियों से एक से अधिक लोन लेने के लिए प्रेरित करते थे। वे महिलाओं को यह कहकर बहकाते थे कि लोन की राशि उन्हें दे दें, बदले में उन्हें खर्चा पानी के लिए कुछ पैसे मिलेंगे और बीमा की राशि सीधे उनके बैंक खातों में आएगी। इसके साथ ही गिरोह ने वादा किया था कि लोन की सभी किस्तें उनके और उनके साथियों द्वारा चुकाई जाएंगी।

बताया गया कि जब सुखचैन उद्दे और उसके साथियों ने महिलाओं से लोन की राशि ले ली, तो उन्होंने किस्तें चुकाने से साफ इनकार कर दिया। ग्रामीणों की शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मंडला ने थाना प्रभारी बिछिया को मामले की गहनता से जांच करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का आदेश दिया। थाना प्रभारी बिछिया ने तत्काल जांच शुरू की। उन्होंने पीडि़त महिलाओं से पूछताछ की और बैंकों व संबंधित कर्मचारियों-अधिकारियों के बयान दर्ज किए। जांच में अब तक सामने आए तथ्यों के आधार पर यह पाया गया है कि सुखचैन उद्दे और उसके साथियों ने गाँव की भोली-भाली महिलाओं को लोन दिलवाकर कुल 76 लाख 90 हजार 516 की धोखाधड़ी की है। किस्तें चुकाने का समय आने पर उन्होंने भुगतान करने से इनकार कर दिया।

शिकायत की जांच के बाद सुखचैन उद्दे और उनके साथियों के खिलाफ थाना बिछिया में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में राहुल सिंह धुर्वे पिता मही लाल 37 साल, निवासी खमरोटी, बिछिया और गुलाब सिंह यादव पिता बालशाह यादव 35 साल, निवासी ग्राम बरिहा थाना बिछिया को गिरफ्तार शनिवार को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड में भेज दिया गया। जिसके बाद उन्हें पुन: न्यायालय बिछिया में पेश किया गया। इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस कार्यवाही में निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह धुर्वे थाना प्रभारी बिछिया, आरक्षक अरविंद बर्मन और सैनिक महावीर झरिया का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे ऐसे धोखाधड़ी करने वालों से सावधान रहें और किसी भी लालच में आकर अपनी निजी जानकारी या लोन संबंधी दस्तावेज किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करें।


 

Leave a Comment