गिरे पेड़ से बाधित हुई बिजली आपूर्ति

गिरे पेड़ से बाधित हुई बिजली आपूर्ति

  • मंडला में तेज बारिश और तूफान ने मचाई तबाही
  • अधिकारियों व कर्मचारियों ने रातभर डटकर किया काम, सुबह तक बहाल की व्यवस्था

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला में गुरूवार रात आई तेज बारिश और तूफानी हवाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। इस दौरान कलेक्ट्रेट के पास स्थित 33/11 केवी सिविल वन एवं सिविल टू फीडर पर एक विशाल सागौन का पेड़ गिर जाने से विद्युत लाइनें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसकी जानकारी लगते ही विद्युत विभाग के अधिकारी और तकनीकी कर्मचारी बिना समय गंवाए रात 12 बजे मौके पर पहुंच गए। भारी बारिश के बीच गिरे हुए पेड़ को हटाना और विद्युत लाइनों को ठीक करना एक बेहद जोखिम भरा और चुनौतीपूर्ण कार्य था। हालांकि अधिकारियों और कर्मचारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बारिश के बावजूद रात में ही फीडर के विद्युत तारों को सुरक्षित रूप से काटकर पेड़ से अलग किया।

बताया गया कि तकनीकी स्टाफ ने रात्रि लगभग 4 बजे तक प्रयास करते हुए क्षतिग्रस्त तारों को पुन: जोड़ा और लाइन को खींचकर विद्युत आपूर्ति को सुचारु रूप से चालू कर दिया। बताया गया कि यह कार्य सामान्यत: अगले दिन ही पूरा हो पाता, लेकिन विभाग के कर्मचारियों ने रात में ही इसे पूर्ण कर एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। विद्युत विभाग ने बताया कि वर्तमान में वर्षा ऋतु शुरू हो चुकी है, जिससे कई स्थानों पर पेड़ों के गिरने, विद्युत पोल के झुकने या लाइनों के क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं संभव हैं। ऐसे में विद्युत आपूर्ति पर प्रभाव पडऩा स्वाभाविक है। विद्युत विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसे आपातकालीन मौसम में धैर्य बनाए रखें और विभाग का सहयोग करें। विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता हर परिस्थिति में जनसामान्य को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना है।


 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles