तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश

तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश

  • मंडला में घंटों गुल रही बिजली, जनजीवन प्रभावित
  • शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में देर रात तक बिजली गुल, मुख्य मार्गों पर भी भरा पानी, मौसम सुहाना लेकिन लोगों को हुई परेशानी

मंडला महावीर न्यूज 29. इस वर्ष गर्मी ने भले ही अपने तीखे तेवर न दिखाए हों, लेकिन मौसम विभाग द्वारा जताई गई अच्छी बारिश की संभावना के अनुरूप मॉनसून ने मंडला जिले में दस्तक दे दी है। गुरुवार देर शाम शुरू हुई जोरदार बारिश ने पूरे वातावरण में ठंडक घोल दी, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। हालांकि, आंधी और तूफान के साथ हुई इस झमाझम बारिश के चलते जिले के कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रही और जनजीवन प्रभावित हुआ।

जानकारी अनुसार गुरुवार को जिले के कई स्थानों पर भारी बारिश हुई। तेज हवाओं के कारण कई क्षेत्रों में पेड़ गिरने की भी खबरें हैं, जिससे विद्युत आपूर्ति पूरी रात बाधित रही। शहर के भी कई इलाकों में पेड़ की टहनियां गिरने से बिजली की लाइनें टूट गईं, जिसके कारण लोगों को रात में कई घंटे बिना बिजली के अंधेरे में रहना पड़ा। विद्युत विभाग के कर्मचारियों को फॉल्ट का पता लगाने में भी समय लगा, जिसके चलते कई क्षेत्रों में देर आधी रात के बाद ही विद्युत सप्लाई बहाल हो पाई, जबकि कुछ क्षेत्रों में लोग पूरी रात अंधेरे में रहे।

तापमान में आई गिरावट, मौसम हुआ सुहाना

शुक्रवार को जिले में अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में लगभग 60 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है। जहां गुरुवार को अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस था, वहीं शुक्रवार को अधिकतम तापमान में तीन डिग्री और न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहाना हो गया। शुक्रवार को सुबह सूर्यदेव के दर्शन भी नहीं हुए और गुरुवार को शुरू हुई बारिश शुक्रवार को भी दिनभर रुक-रुककर होती रही।

मौसम विभाग की चेतावनी 

मौसम विभाग ने बताया है कि वर्तमान में चार साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय हैं और पूर्वोत्तर झारखंड के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। मौसम विभाग ने मंडला सहित कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है। आगामी 5 दिनों में तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट की संभावना है।

लोगों को हुई परेशानी

गुरुवार को हुई जोरदार बारिश के चलते रात्रि में विद्युत आपूर्ति बंद होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई क्षेत्रों में रात भर लोग अंधेरे में रहे, जिससे उनके दैनिक कार्य प्रभावित हुए। बिजली बहाल होने में हुई देरी के कारण भी लोगों को असुविधा हुई।


 

Leave a Comment