अवैध सागौन कटाई पर सेटअप का साया

अवैध सागौन कटाई पर सेटअप का साया

  • राजस्व विभाग की उदासीनता से कार्यवाही ठप
  • दो माह बाद भी कटे वृक्षों को नहीं मिला न्याय
  • जिम्मेदार अधिकारी एक-दूसरे पर डाल रहे आरोप

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले में राजस्व विभाग की उदासीनता और अधिकारियों के बीच जिम्मेदारी की खींचतान के चलते अवैध रूप से काटे गए दर्जनों सागौन के वृक्षों को दो माह बाद भी न्याय नहीं मिल पाया है। यह मामला अब सेटअप है तगड़ा, इसलिए नहीं हो रहा कानूनी झगड़ा की कहावत को चरितार्थ करता दिख रहा है, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी अनुसार मामला दो माह पूर्व का है, जब मीडियाकर्मी एवं स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद झूला पुल के पास ग्राम पंचायत सकवाह के रामबाग में महेंद्र तेजा एवं दिलीप गौतम की निजी भूमि पर लगे दर्जनों सागौन के वृक्षों को ग्राम पंचायत की अनुमति से काटा गया था। जबकि राष्ट्रीयकृत वनोपज जैसे सागौन के वृक्षों को काटने की अनुमति का अधिकार केवल कलेक्टर व एसडीएम के पास सुरक्षित होता है। भाजपा पार्षद और लकड़ी व्यापारी रामजी गायक द्वारा काटे गए इन वृक्षों को अवैध मानते हुए राजस्व विभाग ने जब्त तो कर लिया था, लेकिन हैरानी की बात यह है कि इस मामले में अभी तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई है।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जब्त किए गए इन कटे वृक्षों को राजस्व विभाग द्वारा वन विभाग के सुपुर्द किया जाना चाहिए था। हालांकि राजस्व विभाग के अधिकारी इस मामले में एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं, जिसके कारण कार्यवाही अधर में लटकी हुई है। इस निष्क्रियता का फायदा उठाते हुए लकड़ी व्यापारी रामजी गायक ने विगत दिवस पुन: कटे वृक्षों को ले जाने की नीयत से उन्हें साइज बनाकर काटना शुरू कर दिया। बताया गया कि इस घटना की जानकारी प्रत्यक्षदर्शियों ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को दी, बावजूद इसके विभाग पूरी तरह मौन है। इस मामले पर कार्यवाही न होने से कई तरह की चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं।



 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles