व्यक्तिगत शौक पूरे करने के लिए करते थे चोरी, 2 नाबालिग भी शामिल
- मंडला कोतवाली पुलिस का बड़ा खुलासा
- 8 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद, 2 आरोपी गिरफ्तार
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की गई 08 मोटरसाइकिलों को बरामद किया है। इस कार्यवाही में 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 02 नाबालिगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस की इस तत्परता ने वाहन चोरी के मामलों का पर्दाफाश कर दिया है।
जानकारी अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत महिष्मति घाट, रपटा घाट एवं नेहरू पार्क क्षेत्र से विगत दिनों मोटरसाइकिल चोरी की कई घटनाएं दर्ज की गई थी, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई थी। इन घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी मंडला के निर्देशन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शफीक खान के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने सभी घटनाक्रमों का गहन विश्लेषण किया। इसके लिए घटनास्थलों का निरीक्षण, तकनीकी विश्लेषण, स्थानीय सूचना संकलन और अन्य माध्यमों से सघन पड़ताल की गई। कड़ी मेहनत के बाद पुलिस ने संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। पकड़े गए युवकों से गहन पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
बताया गया कि पकड़े गए युवकों से पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि वे अपने व्यक्तिगत शौक पूरे करने के लिए मोटरसाइकिलों की चोरी करते थे। पुलिस ने इन आरोपियों के कब्जे से कुल 08 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें 02 बजाज पल्सर, 02 हीरो सुपर स्प्लेंडर, 01 हीरो स्प्लेंडर प्लस और 03 होंडा सीडी डिलक्स शामिल हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान समीर यादव पिता रूपचंद यादव 18 वर्ष और आदित्य ठाकुर पिता अमर सिंह ठाकुर 19 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों आरोपी छोटी खैरी मंडला के निवासी हैं। इसके साथ ही इन चोरी की वारदातों में 02 नाबालिग अपचारी बालकों की संलिप्तता भी पाई गई है, जिनके विरुद्ध संबंधित अधिनियम के अंतर्गत वैधानिक कार्यवाही की गई है।
इस कार्यवाही में निरीक्षक शफीक खान के नेतृत्व में उप निरीक्षक संजीव शर्मा, अशोक राणा, सहायक उप निरीक्षक खेमराज राणा, गुलजार मार्को, प्रधान आरक्षक उगेश सरोते, बलवंत तेकाम, नारायण सिंगरौरे, पूरन इडपाचे, आरक्षक अमित गरयार, रमेश सिंगरौरे, रज्जन तेकाम, सुंदर भलाबी, रामचंद्र कुर्वेती, दीपांशु जंघेला, आशीष धुर्वे एवं सुरेश भटेरे सायबर सेल मंडला शामिल रहे। मंडला पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगने की उम्मीद है।









