24 घंटे में अपहृत बालक सकुशल बरामद, 2 आरोपी गिरफ्तार

24 घंटे में अपहृत बालक सकुशल बरामद, 2 आरोपी गिरफ्तार

  • पुलिस की तत्परता और टीम वर्क से मिली सफलता
  • छत्तीसगढ़ से छुड़ाया 12 वर्षीय बच्चा

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला पुलिस ने अपनी तत्परता और बेहतरीन टीम वर्क का प्रदर्शन करते हुए एक अपहृत नाबालिग बालक को 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है, जबकि एक अन्य नाबालिग के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की गई है। बताया गया कि घटना 9 जून की रात लगभग 11 बजे की है जब खटिया थाना अंतर्गत चौकी टाटरी क्षेत्र के ग्राम भरवेली निवासी एक परिवार ने अपने नाबालिग बेटे के अपहरण की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना समय गंवाए सक्रियता दिखाते हुए बालक की तलाश शुरू कर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एसडीओपी नैनपुर मनीष राज के निर्देशन में तुरंत कार्रवाई की गई। थाना खटिया और चौकी प्रभारी टाटरी उप निरीक्षक पुनीत बाजपेयी के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी और नाबालिग की सकुशल बरामदगी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी।

बताया गया कि तकनीकी टीम को भी विश्लेषण के लिए लगाया गया और मुखबिर सूचना तंत्र को भी सक्रिय किया गया। पुलिस की विभिन्न टीमों और सायबर सेल के संयुक्त प्रयासों से घटना की सूचना के 24 घंटे के भीतर अपहृत बालक को छत्तीसगढ़ से सकुशल छुड़ा लिया गया।

जांच में सामने आया कि खटिया थाना की चौकी टाटरी के ग्राम भरवेली निवासी 25 वर्षीय आरोपी लकी तिवारी पिता पंचम तिवारी ने एक लड़की द्वारा शादी से मना करने पर उसके 12 वर्षीय भाई का अपहरण करने की साजिश रची थी। इस साजिश में उसने अपने दो साथी प्रहलाद यादव पिता मत्थुलाल यादव 24 वर्ष, निवासी ग्राम भरवेली और एक 17 वर्षीय बाल अपचारी ग्राम भरवेली चौकी टाटरी को शामिल किया।

आरोपियों ने अपहृत बालक को बोलेरो कार में बंधक बनाकर रखा और उसे 24 घंटे तक इधर-उधर घुमाते रहे। पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

इस सफल अभियान में उपनिरीक्षक पुनीत वाजपेयी, उप निरीक्षक अतुल वासनिक, सहायक उपनिरीक्षक गणेश चौधरी, प्रधान आरक्षक पुशाम मेजर, अवधेश तिवारी, आरक्षक प्रभात, मोहित, संजय, टेकराम, गोविंद, सुरेंद्र, अखिलेश और सायबर सेल की टीम की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक द्वारा इस पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।


 


 

Leave a Comment