किशोरियों को माहवारी स्वच्छता और प्रबंधन के लिए किया जागरूक
- माहवारी प्रबंधन पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज के ग्राम खैरी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय माहवारी प्रबंधन दिवस का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों और महिलाओं को माहवारी स्वच्छता और प्रबंधन के बारे में जागरूक करना था, जिससे वे स्वस्थ और सुरक्षित जीवन जी सकें। कार्यक्रम की शुरुआत ड्राइंग प्रतियोगिता के साथ हुई, जिसमें किशोरियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और माहवारी से संबंधित अपनी समझ को चित्रों के माध्यम से व्यक्त किया। इसके बाद उपस्थित मुख्य अतिथियों का स्वागत किया गया।

परामर्शदाता नीलम पटेल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान माहवारी प्रबंधन दिवस क्यों मनाया जाता है, इसके उद्देश्य और लक्ष्य की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को यह समझाया गया कि इस दिन को मनाने का क्या महत्व है और यह किस प्रकार समाज में माहवारी से जुड़े मिथकों और भ्रांतियों को दूर करने में सहायक है। माहवारी के संबंध में बुनियादी जानकारी देते हुए माहवारी की परिभाषा स्पष्ट की गई। कार्यक्रम में माहवारी चक्र पर विस्तृत से बताया गया। प्रशिक्षक इंद्रा उइके ने माहवारी चक्र की पूरी प्रक्रिया को विस्तार पूर्वक समझाया, जिसमें शरीर में होने वाले हार्मोनल बदलाव और उनके प्रभावों पर प्रकाश डाला गया। इस जानकारी ने किशोरियों को अपने शरीर को बेहतर ढंग से समझने में मदद की।

प्रशिक्षक इंद्रा उइके ने कार्यक्रम में उपस्थित किशोरियों को साफ, सूती, सूखा कपड़े का उपयोग करने और सेनेटरी नैपकिन का उपयोग करने की सलाह दी गई। उन्हें बताया कि माहवारी के दौरान संक्रमण और बीमारियों से बचाव के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसके साथ ही माहवारी के दौरान खान-पान पर भी चर्चा की गई। बताया कि सही खान-पान से कमजोरी और एनीमिया जैसी समस्याओं से बचा जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. देशबंधु उइके, लैब टेक्नीशियन कैलाश सोनी और फार्मासिस्ट कमलेश सिंह ने सभी उपस्थित लोगों से संवाद किया और उन्हें बहुमूल्य मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने माहवारी से जुड़ी गलत धारणाओं को दूर करने और सही जानकारी को बढ़ावा देने पर जोर दिया। प्रशिक्षक इंद्रा ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया और प्रतिभागियों को माहवारी स्वच्छता और प्रबंधन के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।











