दर्दनाक हादसे, कार्यक्रम, दीपदान, महाआरती, मेला समेत प्रमुख खबरें

  • कोंड्रा घाट में पलटा लोहे से लदा ट्रक
  • नारायणगंज मंडला नेशनल हाइवे 30 मार्ग में लगा जाम
  • देर रात्रि तक आवागमन रहा अवरूद्ध
  • जंगल के रास्ते बस चालकों ने यात्रियों को पहुंचाया अपने गंतव्य तक

मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज मंडला मार्ग में चिरईडोंगरी के आगे मंगलगंज के पास कोंड्रा घाट में एक लोहे लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हालांकि इस हादसे में किसी को भी कोई चोटें नहीं आई है। बताया गया कि जबलपुर की तरफ से लोहे से लदा भारी ट्रक मंडला की तरफ जा रहा था। चिरईडोंगरी मंगलगंज के आगे अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक में लोहे से लदे भारी लोहे के पट्टे मार्ग में फैल गए। जिसके कारण नेशनल हाइवे के दोनों तरफ मार्ग में जाम लग गया।

बताया गया कि जाम लगने कारण हाईवे से गुजरने वाले यात्रियों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए यात्री बस चालकों ने जंगल के मार्ग का सहारा लिया। जहां से बमुश्किल बस चालकों ने यात्री वाहनों को निकाला और घटना स्थल के आगे जंगल मार्ग से होते हुए हाईवे मुख्य मार्ग में पहुंचे। जिसके बाद यात्रियों को सकुशल अपने गंतव्य तक पहुंचाया गया। करीब 8.30 बजे तक नेशनल हाइवे 30 में जाम की स्थिति बनी रही। जाम खुलवाने का प्रयास किया जाता रहा।



  • ट्रक के पीछे घुसा ट्रक, ट्रक में फंसे ड्राइवर और क्लीनर, दोनों की हुई मौत
  • एनएच 30 के ग्राम पदमी चौराहे की घटना
  • हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम

मंडला महावीर न्यूज 29. नेशनल हाईवे 30 मार्ग में पदमी चौराहे के पास एक ट्रक आगे चल रहे ट्रक से टकरा गया। इस सडक़ दुर्घटना में ड्राइवर और क्लीनर की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण हाइवे में ही धरने पर बैठ गए। जिससे हाइवे जाम हो गया। प्रशासन की समझाइश के सात घंटे बाद धरना समाप्त किया गया और जाम खुलवाया। स्थानीय लोगों ने बताया कि जबलपुर की ओर जा रहा एक ट्रक पदमी चौराहे के नजदीक स्पीड ब्रेकर में जैसे ही धीमा हुआ पीछे से आ रहा लोहे के चैनल लोड एक अन्य ट्रक उससे भिड़ गया। इस भिड़ंत के बाद पीछे के ट्रक ड्राइवर और क्लीनर ट्रक में ही फंस कर रह गए। प्राथमिक तौर पर स्थानीय लोगों बचाव कार्य शुरू किया। लेकिन जब उन्हें सफलता नहीं मिली तब एसडीईआरएफ को बुलाया गया। एसडीईआरएफ की मदद से दोनों को निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां कल्याण सिंह यादव (35) निवासी ललितपुर झांसी उप्र को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं बलवीर सिंह (32) की गंभीर अवस्था को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। लेकिन जब तक मेडिकल कॉलेज ले जाया जाता उसकी भी मौत हो गई।

नेशनल हाईवे में दिया धरना 

इस दुर्घटना के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने नेशनल हाईवे में ही धरना दे दिया। जिससे हाइवे जाम हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीणों का कहना था कि हाइवे बनने के बाद से ही पदमी चौराहा में लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। जिसमें अनेक लोगों की जान जा रही है। ग्रामीण हाइवे में फ्लाई ओवर निर्माण, मार्ग से अतिक्रमण हटाने और हाइवे से जुड़े मार्गों के चौड़ीकरण की मांग कर रहे थे। इस दौरान पूर्व विधायक शिवराज शाह भी मौके पर पहुंच गये। उन्होंने लोगों से बात कर उनकी मांगों से फोन द्वारा अधिकारियों को अवगत कराया गया। साथ ही उन्होंने अधिकारी एवं ग्रामीणों से बात कर समस्या समाधान किये जाने का आवश्वासन दिया गया।

दिया लिखित आश्वासन 

हाइवे में लगे जाम को देखते हुए एसडीएम सोनल सिडाम, एसडीओपी पीयूष मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों से बात कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण सभी मांगो की वरिष्ठ अधिकारी से लिखित स्वीकृति की मांग पर अड़े रहे। जिसके बाद मौके पर एडीएम राजेन्द्र सिंह, संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह, एएसपी अमित वर्मा पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बात कर फ्लाई ओवर के प्रस्ताव की प्रति उपलब्ध कराई साथ ही अन्य मांगों के सम्बंध में लिखित आश्वासन भी दिया। लेकिन ग्रामीण धरने से हटने तैयार नहीं थे। इसके बाद पुलिस और प्रशासन ने सख्त तेवर दिखाए तब जाकर धरना खत्म हुआ और सुबह 6 बजे से चला आ रहा जाम करीब 7 घंटे के बाद करीब 1 बजे समाप्त हुआ।



  • अचानक रूका ट्रक, कार सवार दंपत्ति हुए गंभीर घायल
  • कार सवार पति, पत्नि हादसे का शिकार, गंभीर घायल
  • जम्मू कश्मीर से झारखंड जा रहे दंपत्ति, जबलपुर मेडिकल किया रैफर
  • मंडला जबलपुर मार्ग में नारायणगंज के कूम्हा घाट की घटना

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जबलपुर नेशनल हाईवे 30 मार्ग में नारायणगंज मुख्यालय से करीब पांच किमी दूर कूम्हा घाट में एक ट्रक के पीछे तेज रफ्तार में जा रही कार घुस गई। कार में पति, पत्नि सवार थे, जो गंभीर रूप से इस हादसे में घायल हो गए। हादसे की जानकारी तत्काल टिकरिया पुलिस, डायल 100 और एम्बुलेंस को दी गई। कार सवार दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज उपचार के लिए लाया गया। जहां दोनों गंभीर घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने जबलपुर मेडिकल रैफर कर दिया। टिकरिया पुलिस मामला दर्ज कर हादसे की जांच कर रही है।

टिकरिया थाना प्रभारी गोपाल घासले ने बताया कि कार सवार जम्मू कश्मिर से झारखंड जा रहे थे, ये मेलेट्री में थे। हादसे में घायल दोनो पति, पत्नि थे। जिसमें पति एस भदरिया 44 वर्ष और पत्नि सुजाना सरदम 40 वर्ष जबलपुर होते हुए मंडल की तरफ से झारखंड जा रहे थे। इसी दौरान कुम्हा घाट में हादसे का शिकार हो गए। टिकरिया थाना प्रभारी ने बताया कि घायल एस भदरिया ने हादसे के बारे में बताते हुए कहां कि ट्रक हाईवे मार्ग में जा रहा था, इसी दौरान हम जबलपुर की तरफ से मंडला की तरफ जा रहे थे, इसी दौरान कूम्हा घाट में ट्रक चालक ने अचानक अपना ट्रक रोक लिया, जिसके कारण कुछ समझ पाते उससे पहले ही कार ट्रक के पीछे तेज गति से घुस गई।

बताया गया कि हादसा बहुत ही भयानक घटित हुआ था। कार तेज रफ्तार में होने के कारण ट्रक के पीछे घुस गई, जिसके कारण कार के परखच्चे उड़ गए। कार पूरी से क्षतिग्रस्त हो गई। कार की हालत देखकर लग रहा था कि कार में सवार व्यक्ति अपनी जान गवां दिए होंगे, लेकिन कार में सवार पति, पत्नि को सिर में गंभीर चोट आई। घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने तत्काल टिकरिया पुलिस, डायल 100 और एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही टिकरिया पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। जहां से तत्काल दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज ले जाया गया।

टिकरिया थाना प्रभारी गोपाल ने बताया कि दोनों पति पत्नि को सिर में गंभीर चोटें आई थी। जिन्हें घटना स्थल से तत्काल नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में प्राथमिक उपचार के लिए लाया गया। दोनों पति, पत्नि को सिर में काफी गंभीर चोटे आई थी। जिन्हें चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार देकर एम्बुलेंस से जबलपुर मेडिकल रैफर कर दिया गया। दंपत्ति मेलेट्री में होने के कारण उन्हें जबलपुर मेलेट्री हॉस्पिटल में आगे के उपचार के लिए भर्ती कराया गया। जहां दोनों घायलों का उपचार किया जा रहा है।



  • एक ही स्थान में ग्रामीणों को दी सभी स्वास्थ्य सुविधाएं
  • नारायणगंज के ग्राम सिकोसी में आरोग्यम मंडला जन स्वास्थ्य शिविर आयोजित

मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज के ग्राम सिकोसी में ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने बुधवार को आरोग्यम मंडला जन स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। ग्राम सिकोसी शिविर का शुभारंभ सीएचसी प्रभारी डॉ. अमृत लाल कोल की उपस्थिति में नारायणगंज ग्राम सिकोसी सरपंच यशोदा बाई द्वारा किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मचारी समेत पंचायत के कर्मचारी मौजूद रहे।

जानकारी अनुसार जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग मंडला द्वारा चलाए जा रहे आरोग्यम मंडला जन स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से ग्राम स्तर पर ही आमजनों को सभी स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही है। ग्राम स्तर पर लोग इस शिविर का लाभ ले रहे है। सभी प्रकार की जांच की जा रही है, वहीं नि:शुल्क दवाईयां शिविर में दी जा रही है। शिविर में चिकित्सकों द्वारा उचित परामर्श दिया जा रहा है। शिविर में स्वास्थ्य लाभ लेने बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। जन स्वास्थ्य शिविर में सभी स्वास्थ्य सुविधाएं ग्रामीणों को मिली।


शिविर में बीपी, दर्द, बुखार, सर्दी, खांसी, दाद, खुजली, नेत्र रोगी, त्वचा रोग समेत अन्य बीमारी के मरीज स्वास्थ्य लाभ लेने पहुंचे। शिविर में आए लोगों का जांच परीक्षण कर नि:शुल्क दवाईयां दी गई। इसके साथ ही आयोजित मंडला आरोग्यम जन स्वास्थ्य शिविर में आए लोगों की टीबी की स्क्रीनिंग की गई। जिसमें सभी संभावित मरीजों के सेंपल लिये गए।

ग्राम सिकोसी शिविर में नारायणगंज मेडिकल ऑफिसर डॉ. राकेश विश्रोई, डॉ. राजेश अहिरवार, नेत्र चिकित्सा सहायक जय करन चौधरी, आयुष चिकित्सक डॉ. जयंती बट्टी, एसटीएस देवेन्द्र साहू, सिकोसी कैम्प प्रभारी सीएचओ आरती रैकवार, आयुष विभाग से डॉ. प्रत्युश हरमीट समेत स्टाफ, सीएचओ सविता पुषाम, अनीता लोधी, शाहिद हुसैन, वर्षा बघेल, निकिता पंचेश्वर, एएनएम फूलवती कुम्हरे, ज्योति चंद्रौल, रामप्यारी उइके, सावित्री मरावी, सुमंत्री मार्को, महेश्वरी कुर्वेती, एमपीडब्ल्यू नरेन्द्र कुमार, सुपरवाईजर जगदीश प्रसाद उइके, सपोर्ट स्टॉफ समेत ग्रामीण जन मौजूद रहे।



  • पंचचौकी महाआरती के एक माह पूर्ण, दीपों से जगमगाया नर्मदा तट
  • पंचचौकी महाआरती में कलेक्टर सोमेश मिश्रा अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, पत्रकार, श्रद्धालु और नागरिकगण शामिल हुए

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में पंचचौकी महाआरती के एक माह पूर्ण होने और गीता जयंती के अवसर पर माँ नर्मदा नदी के माहिष्मती घाट में बुधवार को संध्याकालीन पंचचौकी महाआरती का आयोजन किया गया। पंचचौकी महाआरती माहिष्मती घाट के अमृता चौक, रेवा चौक, नर्मदा चौक, संकरी चौक और मेकलसुता चौक में संपन्न हुई। पंचचौकी महाआरती में कलेक्टर सोमेश मिश्रा, अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, धर्मप्रेमी, व्यापारीगण, श्रद्धालु, पत्रकार, और नागरिकगण शामिल हुए।

माहिष्मती घाट में आयोजित पंचचौकी महाआरती के आयोजन अवसर पर भव्य रूप से दीप प्रज्वलित किया गया। नर्मदा नदी का तट दीपों से जगमगा उठा। नर्मदा अष्टक गान कर नर्मदा जी की पंचचौकी महाआरती की गई। इसके बाद ऊँ जय जगदा नंदी आरती की गई। जय नर्मदे, जय भवानी, जय जगदम्बा, जय नर्मदा, जय राधेकृष्णा और जय-जयकार किया गया। आरती समापन के बाद कार्यक्रम स्थल में सभी श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया गया।

इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, अपर कलेक्टर अरविंद कुमार सिंह, एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ, मुख्य नगरपालिका अधिकारी गजानंद नाफड़े समेत अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, व्यापारीगण, पत्रकारगण, श्रद्धालु और जिले के गणमान्य नागरिक शामिल हुए।



सुरेंद्र और राजकुमार बने घुघरी मंडल अध्यक्ष

मंडला महावीर न्यूज 29. घुघरी विकासखंड में भारतीय जनता पार्टी के द्वारा मंडल अध्यक्षों की सूची जारी कर घोषणा की गई। जिसमें पार्टी के संगठनात्मक मजबूती को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुमोदन से इन नियुक्तियो को अंतिम रूप दिया गया। जारी मंडल अध्यक्षों की सूची में जिले के विभिन्न क्षेत्रों के 18 मंडलों के अध्यक्षों को शामिल किया गया। इस सूची में घुघरी विकासखंड से भाजपा घुघरी मंडल के लिए मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र धुर्वे एवं सलवाह मंडल अध्यक्ष राजकुमार चौकसे को बनाया गया। इनके अध्यक्ष बनने से कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। बताया गया कि मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति प्रक्रिया संगठन विस्तार और स्थानीय स्तर पर पार्टी की मजबूती के लिए एक मील का पत्थर साबित होगी।


टीबी मुक्त जिला बनाने हर दिन होंगे विविध गतिविधियां

  • सीएचसी नारायणगंज में 100 दिवसीय नि:क्षय शिविर के लिए बैठक आयोजित
  • निक्षय शिविर अभियान के क्रियान्वयन के लिए रूपरेख तैयार
  • आयोजित कार्यक्रम की समय सारणी तय

मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में 100 दिवसीय नि:क्षय शिविर आयोजन के लिए सीएससी प्रभारी सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल की उपस्थित में मंगलवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक सीएचओ, एएनएम, एमपीडब्ल्यू, सुपरवाईजर, आशा सहयोगनी उपस्थित रही। नि:क्षय शिविर के लिए आयोजित बैठक में सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल उपस्थित सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों को 100 दिवसीय नि:क्षय शिविर के आयोजन से संबंधित जानकारी विस्तार से दी। निक्षय शिविर कार्यक्रम के लिए समय सारणी भी तय की गई है। जिसके आधार पर प्रतिदिन ग्राम स्तर पर गतिविधियां ओर कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। विगत दिवस 7 दिसंबर से शुरू हुए 100 दिवसीय निक्षय शिविर अभियान का समापन के साथ पूरे कार्यक्रम की समीक्षा 08 मार्च 2025 को की जाएगी।
बैठक में उपस्थित एसटीएस देवेन्द्र साहू ने बताया कि आयुष्मान आरोग्यम मंदिर के अंतर्गत आने वाले सभी उच्च जोखिम वाले मरीज जो पूर्व में टीबी रोग से ग्रसित हुए हो, परिवार में कोई टीबी का मरीज हो, डायबिटीज मरीज, एचआईवी पीडि़त, कुपोषित मरीज और 60 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की जानी है। जिसके लिए रूपरेखा तैयार कर ली गई है। इसके साथ ही एक्टिव केस फाइडिंग के तहत ग्रामों में मैदानी स्तर पर सर्वे कार्य आशा कार्यकर्ताओं द्वारा किया जाएगा।
बैठक में आगे बताया कि आयोजित 100 दिवसीय नि:क्षय शिविर में आयुष्मान आरोम्यम मंदिर स्वास्थ्य संस्था के माध्यम से नि:क्षय शिविर कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। इस 100 दिवसीय नि:क्षय शिविर में आप सभी आशा कार्यकर्ता, आशा सहयोगनी और सीएचओ, एएनएम, एमपीडब्ल्यू, सुपरवाईजर समेत अन्य मैदानी स्वास्थ्य अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। जिसमें सभी मिलकर इस बीमारी से ग्रसित व्यक्तियों को खोज कर लगने वाले शिविर स्थल तक लाने की जिम्मेदारी लेनी होगी। जहां संभावित और पीडि़त व्यक्तियों की जांच कर उसका उपचार शुरू किया जाएगा। जिससे वह पीडि़त व्यक्ति जल्द से जल्द इस बीमारी से मुक्त हो सके।

निक्षय शिविर अभिया के लिए समय सारणी तय 

विगत 7 दिसंबर को 100 दिवसीय निक्षय शिविर अभियान की शुरूआत की गई है। इसके बाद 8 से 22 दिसंबर तक अभियान के अंतर्गत कमजोर आबादी को संगठित किया जाएगा, इसके साथ ही स्थानीय हितग्राहियों को जागरूक करने के साथ हर आयुष्मान आरोग्य मंदिर में निक्षय शिविर आयोजित किया जाएगा7 जिसमें जनप्रतिनिधि की भागीदारी रहेगी। 23 से 31 दिसंबर के बीच क्रिसमस एवं नए वर्ष के आयोजन में टीबी का प्रचार प्रसार किया जाएगा। 01 से 12 जनवरी तक निक्षय शिविर में निर्वाचित प्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी। 13 से 15 जनवरी को लोहड़ी, मकर संक्राति एवं पोंगल उत्सवों में सामुदायिक प्रभावक एवं धार्मिक नेता अपने भागीदारी करके अभियान में सहभागिता करेंगे। 16 से 24 जनवरी तक स्कूल, कॉलेजों में टीबी संबंधी कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। 25 से 26 को गणतंत्र दिवस समारोह में टीबी के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। टीबी की शपथ दिलाई जाएगी। जिले के सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा आयोजित कर टीबी शपथ का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 27 से 2 फरवरी तक सरकारी विभागों में निक्षय सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। जहां ज्यादा से ज्यादा टीबी की स्क्रीनिंग, जांच व उपचार किया जाएगा। 3 से 15 फरवरी तक श्रमिकों के कार्यस्थलों में निक्षय शिविर का आयोजन कर शत प्रतिशत टीबी स्क्रीनिंग जांच एवं उपचार किया जाएगा। 16 से 28 फरवरी तक मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। 01 मार्च से 7 मार्च के बीच रमजान त्यौहार के दौरान विभिन्न टीबी संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 8 मार्च को 100 दिवसीय निक्षय शिविर अभियान का समापन के साथ इस कार्यक्रम की समीक्षा की जाएगी।


अभाविप मंडला द्वारा सामाजिक समरसता संगोष्ठी का आयोजन

मंडला महावीर न्यूज 29.  अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई मंडला द्वारा शासकीय कन्या महाविद्यालय मंडला में संगोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य वक्ता जिला समिति सदस्य करीना तेकाम उपस्थित रही। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी परिषद सामाजिक समरसता के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित करता है एवं अभियान भी चलता है। उनका कहना है कि डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान में लिखने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। बाबा साहेब ने अपना जीवन बहुत ही कठिन परिस्थितियों में गुजारा एवं अनेक विसंगतियों को झेला। इसके बाद भी उन्होंने हार ना मानते हुए शिक्षा ग्रहण की और आज पूरे विश्व में उनका नाम प्रख्यात है।
उन्होंने विश्व का सबसे बड़ा हस्त लिखित संविधान जो कि भारत का संविधान है। उसे लिखा उन्होंने अनेक डिग्रियां हासिल की एवं समाज में फैली विसंगतियों को दूर करने के लिए सतत प्रयत्न किया एवं समाज में समरसता स्थापित करने के नए आयाम समाज को दिए। कार्यक्रम के अंत में वंदे मातरम गीत के बाद कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. शरद नारायण खरे, मंडला नगर मंत्री प्रिंस सिंह, नगर सह मंत्री नयन यादव एवं महाविद्यालय के समस्त विद्यार्थी उपस्थित रहे।


भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित निबंध प्रतियोगिता आयोजित

मंडला महावीर न्यूज 29.  प्राधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस रानी दुर्गावती शासकीय महाविद्यालय में भारतीय ज्ञान परम्परा के विविध आयाम विषयांतर्गत जिला स्तरीय निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें जिले के 8 महाविद्यालयों ने सहभागिता की। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ अनिल गुप्ता के मार्गदर्शन में किया गया। इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में नोडल अधिकारी डॉ उर्मिला खरपूसे ने बताया कि भारतीय ज्ञान परंपरा वैदिक कालीन संस्कृति सभ्यता से परिचित कराता है।
डॉ विजेन्द्र चौरसिया ने बताया कि भारतीय ज्ञान परम्परा से विश्व को परिचित कराना और अपनी विश्व गुरूता को पुन: हासिल करना है। नारायणगंज प्राचार्य डॉ बी टेंभरे ने बताया कि भारतीय ज्ञान परंपरा केवल कला के विद्यार्थियों के लिए नहीं है बल्कि विज्ञान तकनीकि के विद्यार्थियों को भी शामिल किया जाएगा। इस कार्यक्रम में डॉ. रेखा पटैल भुआबिछिया, डॉ. धर्मेन्द्र कुमारा रैदास मवई, डॉ. गरिमा छावड़ा अंजनिया, डॉ. कुंती वराठे बम्हनी बंजर, डॉ. सतीष झारिया, डॉ. संजय वर्मा सहित समस्त महाविद्यालयीन स्टाफ रहा। कार्यक्रम संयोजक डॉ दुर्गावती सल्लाम ने किया।


रोटरी क्लब ने शासकीय हाई स्कूल बिंझिया के 70 बच्चों को वितरित किए स्वेटर

मंडला महावीर न्यूज 29. रोटरी क्लब मंडला द्वारा एकीकृत शासकीय हाई स्कूल बिंझिया के 70 जरूरतमंद बच्चों को गर्म ऊनी स्वेटर वितरित किए गए। इस कार्यक्रम में रोटरी क्लब अध्यक्ष गीता काल्पीवार और क्लब के अन्य सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय के प्राचार्य मुकेश कुमार पांडे ने रोटरी क्लब के इस सामाजिक कार्य की सराहना करते हुए शाला परिवार की ओर से सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब द्वारा जरूरतमंदों की मदद का यह कार्य समाज में अनुकरणीय उदाहरण है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रोटरी क्लब अध्यक्ष गीता काल्पीवार ने कहा, रोटरी क्लब हमेशा जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर रहता है। हमारा उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक सहायता पहुंचाना है। बच्चों को स्वेटर वितरित करना सर्दी के मौसम में उनकी आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में एक छोटा सा प्रयास है। हम आगे भी ऐसे कार्य जारी रखेंगे।

इस अवसर पर विद्यालय की ओर से गायत्री शुक्ला, अलका दुबे, वंदना सिंगर, योगेंद्र पटेल, छाया धुर्वे और समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। रोटरी क्लब मंडला से गीता काल्पीवार, साधना दुबे, सुरेश चौधरी, अजय खोत, उपेंद्र शुक्ला, संजय तिवारी, कपिल वर्मा, इंद्रेश खरया, अभिषेक बाजपेयी, डॉ. सुमित पटेल, राजा शुक्ला एवं सदस्य उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम ने बच्चों और उनके अभिभावकों के बीच खुशी और आभार का माहौल बना दिया। रोटरी क्लब मंडला ने भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य जारी रखने का संकल्प लिया।


खनिज विभाग द्वारा अवैध उत्खनन के परिवहन में संलिप्त तीन वाहन जप्त

मंडला महावीर न्यूज 29.  कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार खनिज विभाग के द्वारा खनिजों के अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन और अवैध भण्डारण के विरूद्ध लगातार कार्यवाहियाँ की जा रही है। प्रभारी खनिज अधिकारी ने बताया कि उक्त निर्देशों के तहत 10 दिसंबर को आंगन तिराहा महाराजपुर क्षेत्र के अन्तर्गत खनिज गिट्टी में संलिप्त एक वाहन ट्रेक्टर क्रमांक एमपी 51 जी 1540 एवं 11 दिसंबर को मोहनिया पटपरा अन्तर्गत खनिज मुरूम का अवैध उत्खनन, परिवहन, भण्डारण में संलिप्त दो वाहन ट्रेक्टर क्रमांक एमपी 51 जेडसी 0898 एवं वाहन ट्रेक्टर क्रमांक एमपी 51 एबी 0570 को खनिज विभाग द्वारा जप्त किया गया।
उक्त संलिप्त वाहन को जप्त कर शासकीय अभिरक्षा में संबंधित थाना प्रभारी, थाना महाराजपुर एवं थाना कोतवाली मण्डला की सुपुर्दगी में दिया गया है। उक्त वाहन के विरूद्ध मप्र खनिज अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण नियम 2022 के प्रावधानों के तहत् प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर न्यायालय मंडला में प्रेषित किया जाएगा। उक्त कार्यवाही सहायक खनि अधिकारी, खनि निरीक्षक और खनिज अमले के द्वारा की गई है।


हम होंगे कामयाब अभियान का समापन कार्यक्रम

मंडला महावीर न्यूज 29.   प्रशासक वन स्टॉप सेंटर ने बताया कि कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशन में भारत ज्योति हायर सेकेन्ड्री स्कूल लालीपुर मंडला में जेंडर आधारित हिंसा उन्मूलन के लिए जागरूकता अभियान पखवाड़ा अंतर्गत हम होंगे कामयाब कार्यक्रम 25 नवम्बर से 10 दिसम्बर 2024 तक चलाया गया। कार्यक्रम में पुलिस विभाग से उप निरीक्षक शिव नारायण उपाध्याय द्वारा डायल 100 का प्रयोग एवं साईबर सुरक्षा से जुड़े कानूनों पर चर्चा की गई।
डिजिटल अरेस्टिंग एवं ऑनलाईन के माध्यम से हो रहे अपराधों के बारे में अपने अनुभव साझा किये और सोशल मीडिया में अनजान लोगों से मित्रता स्वीकार न करने और अपने यूजर आईडी, पासवर्ड एवं ओटीपी किसी से साझा न करने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने के बारे में बताया। प्रशासक वन स्टॉप सेंटर मधुलिका उपाध्याय ने जेंडर आधारित हिंसा आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाईल्ड हेल्पलाईन 1098, साइबर सुरक्षा हेल्पलाईन 1930 के बारे में बताया।
वन स्टॉप सेंटर, हब और शी. बॉक्स पोर्टल में दी जाने वाली सहायताओं के बारे में भी जानकारी दी गई। इसके साथ ही उपस्थित प्रतिभागियों को लघु फिल्म चुप्पी तोड़ो दिखाई गई। स्कूल के प्राचार्य सीबी जोसेफ द्वारा सशक्त नारी, सशक्त समाज बनाने के लिये कार्यक्रम की महत्ता बताई गई। उक्त कार्यक्रम में स्कूल के वाइस प्राचार्य शैलेष पटेल, शिक्षक, शिक्षिकायें, छात्रायें एवं वन स्टॉप सेंटर के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।


नि:शुल्क मोतियाबिंद लेंस प्रत्यारोपण संपन्न

मंडला महावीर न्यूज 29.   जिले में राष्ट्रीय दृष्टि विहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ. सुरेंद्र वरकड़े नैनपुर द्वारा अपनी माताजी की स्मृति में नैनपुर व चिरईडोंगरी में नेत्र जाँच शिविर आयोजित किया गया। शिविर के दौरान 66 मोतियाबिंद के मरीजों को जिला चिकित्सालय में लाकर डॉ. तरुण अहरवाल नेत्र विशेषज्ञ द्वारा लेंस प्रत्यारोपण कराया गया। नेत्र शिविर में डॉ. विजय धुर्वे सिविल सर्जन एवं अजय सैयाम, सहायक प्रबंधक का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। शिविर में अन्य सहयोगी नेत्र चिकित्सा सहायक अशोक पाण्डेय, संजय भोयर, सदन अहिरवार, रवि इनवाती, अनीता व वैशाली सहलाम, सूर्या पटेल नर्सिंग ऑफिसर रहे।


ब्यूटी पार्लर प्रबंधन का प्रशिक्षण सम्पन्न

मंडला महावीर न्यूज 29.  डायरेक्टर आरसेटी ने बताया कि सेंट्रल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान आरसेटी मंडला में 10 नवंबर से 9 दिसंबर तक ब्यूटी पार्लर प्रबंधन का प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। प्रशिक्षण के दौरान जिले के समस्त विकासखंडों से आए 50 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया। समापन कार्यक्रम में सभी प्रशिक्षणार्थियों को बैंक से सम्बंधित महत्वपूर्ण जानकारी एवं ऋण के लिए सहयोग की बात कही। साथ ही सभी प्रशिक्षणार्थियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। समापन कार्यक्रम में डायरेक्टर आर सेटी राजेश रॉय, एफएलसीसी केके अवस्थी, कार्यक्रम समन्वयक राजीव शर्मा एवं यश मोहन उसराठे, अमित यादव, अमन पटेल आर सेटी स्टॉफ उपस्थित रहा।


भारतीय ज्ञान परम्परा के अन्तर्गत चित्रकला प्रतियोगिता का जिला स्तरीय आयोजन

मंडला महावीर न्यूज 29. प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मण्डला में दिनांक 11 दिसम्बर 2024 को भारतीय ज्ञान परम्परा के अन्तर्गत चित्रकला प्रतियोगिता का जिला स्तरीय आयोजन किया गया जिसमें आठ महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय को प्राचार्य डॉ.अनिल कुमार गुप्ता के मार्गदर्षन में की गई जिसकी नोडल अधिकारी डॉ.उर्मिला खरपूसे रही। डॉ.खरपूसे द्वारा चित्रकला के विषय पर बात करते हुए प्राचीन एवं आधुनिक कला के सम्बंध में जानकारी दी गई। चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान मोनीष प्रजापति शासकीय महाविद्यालय नैनपुर, द्वितीय स्थान अणिमा पाठक रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मण्डला, तृतीय स्थान सत्यम षिवम विष्वकर्मा और पुष्कर परोहा ने प्राप्त किया। इस कार्यक्रम का संयोजन डॉ.सैयद निहा द्वारा किया गया जिसमें समस्त महाविद्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहा।


विनोद सोनी का हृदय गति रुक जाने से निधन

मंडला महावीर न्यूज 29. वार्ड क्रमांक 12 निवासी विनोद सोनी का 11 दिसंबर के सुबह 5 बजे हृदय गति रूक जाने से 73 वर्ष की आयु में निधन हो गया। आप लम्बे समय से श्री हनुमान गढ़ी बुधवारी बाजार मंदिर में पुजारी थे। आपकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में स्वजातीय बंधुओं, परिजनों, श्री हनुमान गढ़ी मंदिर समिति के सदस्यों की उपस्थिति रही सभी ने दो मिनट का मोन रख अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित किया।


तीन दिवसीय सतबहनी मड़ई के दूसरे दिन पहुंची भीड़

मंडला महावीर न्यूज 29.  तीन दिवसीय सतबहनी मड़ई का अगाज हो चुका है। मंगलवार से प्रारंभ मड़ई के दूसरे दिन बुधवार को जमकर भीड़ उमड़ी। सड़क किनारे लगने वाला मेला इस बार व्यस्थित नजर आया। नगर परिषद ने भी मेला में व्यवस्था बनाई है। मंदिर के पीछे खाली स्थान को समतल कर दुकान लगाने के लिए व्यापारियों को जगह दी गई है। मेला का ठेका भी नहीं कराया है। इससे व्यापारियों ठेकेदार को देने वाला अतिरिक्त पैसा भी बचेगा। नगर परिषद ही निर्धारित दर में व्यापारियों से वसूली करेगी। दूसरे दिन सतबहनी मड़ई में हजारों की संख्या में पहुंचकर लोगों ने लुत्फ उठाया। क्षेत्र की प्रमुख मड़ई होने से जिले के बाहर से भी व्यापार के लिए व्यापारी पहुंचे हैं।
मड़ई में जुते-चप्पल, सिंघड़े, मिठाईयां, गुबारे, बंसूरी, खेल खिलौने, ऊनी कपड़ों सहित सौदर्य सामग्रीयों की जमकर बिक्री हुई। गुनगुनी धूप और सर्द हवाओं के बीच झुला झूलने के लिए युवतियों और बच्चों में होढ़ मची रही। हवाई झूले और बच्चों के झूले में दिन से लेकर देर रात तक भीड़ लगी रही। मंगलेश चक्रवर्ती ने बताया कि मड़ई सतबहनी मंदिर के करीब ही लगती है सतबहनी मंदिर होने के कारण ही इसका नाम सतबहनी मड़ई पड़ा। यह मंदिर वर्षों पूराना है। ग्रामीणों की मन्यता है कि यहां मांगी गई सभी मनोकमनाएं पूरी होती है। मड़ई घुमने से पहले लोग मंदिर पहुंच कर माता का आर्शीवाद लेते हैं। सुबह से ही मंदिर में पूजन अर्चन का कार्यक्रम शुरु हो गया। मड़ई के अवसर पर भक्तों ने प्रसाद का वितरण भी किया। पुलिस प्रशासन की ओर सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए। इसमें नगर परिषद के साथ ही ग्रामीणों ने भी सहयोग किया।

अहीरों के नृत्य देखने उमड़ी भीड़

मड़ई मेला की रौनक अहीरी नृत्य ही होता है। सतबहनी मड़ई के पहले दिन अहीरी नृत्य देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। ठरका सहित आसपास क्षेत्र के यादव समाज के लोगों ने सतबहनी माता मंदिर में पूजा करने के बाद परंपरागत वेशभुषा में नृत्य की प्रस्तुति दी। बैंड की धून में थिरकते अहीरों को देखने बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए।


Leave a Comment