मोतीनाला के जंगलों में अवैध कटाई की जांच शुरू

Advertisements

मोतीनाला के जंगलों में अवैध कटाई की जांच शुरू

बीट मेढ़ा में मिले 12 ठूंठ, मंडला से भेजा गया उडऩदस्ता

  • वन संपदा की सुरक्षा के लिए विभाग ने चलाया विशेष अभियान
  • कटाई के पीछे साजिश की आशंका, नागरिकों से सहयोग की अपील

मंडला महावीर न्यूज 29. पूर्व सामान्य वनमंडल के वन परिक्षेत्र मोतीनाला अंतर्गत मेढ़ा एवं छपरतला के आसपास जंगलों में अवैध कटाई की सूचना मिलने के बाद वन विभाग अलर्ट हो गया है। वनमंडलाधिकारी पूर्व सामान्य वनमंडल के निर्देश पर परिक्षेत्र सहायक अंजनी और परिक्षेत्र सहायक दाढ़ीभानपुर के नेतृत्व में दो अलग-अलग जांच दल गठित कर बीट मेढ़ा व छपरतला का बारीकी से निरीक्षण कराया गया।

बीट मेढ़ा में मिले 12 ठूंठ, साजिश की आशंका 

परिक्षेत्र सहायक अंजनी उपवनक्षेत्रपाल दिनेश पटेल द्वारा बीट मेढ़ा के कक्ष क्रमांक 1303, 1313, 1309, 1294 और 1304 की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान मौके पर बीजा, साल, साजा और लेडिया प्रजाति के 12 नग ठूंठ तथा 1.373 घनमीटर वनोपज पड़ी हुई पाई गई। मौके की स्थिति से स्पष्ट हुआ कि अपराधियों ने पेड़ों को काटकर गिरा दिया था, लेकिन कोई भी वनोपज वहां से नहीं ले गए। इसे देखते हुए किसी व्यक्ति द्वारा साजिश के तहत यह कृत्य किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

78 ठूंठों के मामले में विभाग ने दी सफाई 

उपवनमंडलाधिकारी द्वारा दिए गए बयान में 78 ठूंठों के संबंध में स्थिति स्पष्ट की गई है। बताया गया कि बीट रोस्टर के अनुसार प्रतिमाह होने वाले बीट निरीक्षण के दौरान जनवरी 2026 से अक्टूबर 2026 के मध्य ये ठूंठ पाए गए थे और इनकी लकड़ी का परिवहन डिपो में किया जा चुका है।

अधिकारियों ने दिए सख्त कार्रवाई और गश्त के निर्देश 

वनमंडल अधिकारी प्रीता एमएस ने बताया कि अवैध कटाई की जानकारी मिली है, लेकिन ठूंठ पुराने प्रतीत हो रहे हैं। फिर भी पूरे जंगल की सर्चिंग के लिए मंडला से उडऩदस्ता भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद गुण-दोष के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उप वनमंडल अधिकारी चंद्रिका सिंह ने इस प्रकरण में वन परिक्षेत्र अधिकारी को उचित वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। वन परिक्षेत्र अधिकारी मोतीनाला अभय पांडे ने बताया कि जंगल की सुरक्षा को लेकर अमले को कड़े दिशा-निर्देश दिए गए हैं। वे स्वयं भी जंगलों का भ्रमण कर रहे हैं और विशेष सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है ताकि ऐसी स्थिति दोबारा निर्मित न हो।

वन सुरक्षा के लिए विशेष अभियान, नागरिकों से अपील 

जिले में वन संपदा की सुरक्षा और अवैध कटाई पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए वन विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत मैदानी अमले द्वारा जंगलों में नियमित गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है तथा वन अपराधों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि जंगल पर्यावरण संतुलन और जैव विविधता का मुख्य आधार हैं। यदि कहीं भी अवैध कटाई या लकड़ी के अवैध परिवहन की जानकारी मिले, तो तत्काल वन विभाग को सूचित करें।


Leave a Comment