बैगा, बैगी चौक से रथ यात्रा को सांसद दिखाएंगे हरी झंडी
- शाम को निकलेगा कैंडल मार्च, बाल विवाह के खिलाफ जन-जागरूकता की पहल
- ग्रामीण अंचलों में घूमेगा रथ, शाम 4 बजे योजना भवन से शुरू होगी कैंडल मार्च रैली
मंडला महावीर न्यूज 29. बाल विवाह की कुरीतियों के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज शुक्रवार को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रात: 11 बजे बैगा बैगी चौक से रथ यात्रा को सांसद हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
बताया गया कि रथ यात्रा के माध्यम से मंडला के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके बाद शाम 4 बजे योजना भवन कलेक्ट्रेट कार्यालय के पास से कैंडल मार्च रैली निकाली जाएगी। यह रैली योजना भवन से प्रारंभ होकर बैगा, बैगी चौक, लालीपुर तिराहा, बस स्टैंड, चिलमन चौक और रेडक्रॉस से होते हुए पुन: बैगा, बैगी चौक पर संपन्न होगी।
विभागों व संस्थाओं के सहयोग से आयोजन
यह आयोजन महिला एवं बाल विकास विभाग मंडला, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय मंडला और प्रदीपन संस्था मंडला के सहयोग से किया जा रहा है। कार्यक्रम में नगर पालिका के शहरी क्षेत्र की स्व-सहायता समूह की महिलाएं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, छात्रावासों की छात्राएं और जन अभियान परिषद के विद्यार्थी बड़ी संख्या में शामिल होंगे। आयोजकों ने अभियान को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक सहभागिता की अपील की है।










