बांके बिहारी को कराया नर्मदा स्नान, लगा छप्पन भोग

Advertisements

कार्तिक पूर्णिमा पर भक्तिमय हुआ श्री राम मंदिर

बांके बिहारी को कराया नर्मदा स्नान, लगा छप्पन भोग

  • माह भर चले कार्तिक पूजन का भावपूर्ण समापन
  • सखियों ने नाचते-गाते किया हवन-पूजन
  • अगले वर्ष पुन: सकुशल मिलने की प्रार्थना

मंडला महावीर न्यूज 29. कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर नगर के कुशवाहा समाज पड़ाव स्थित सार्वजनिक श्री राम मंदिर में दिनभर आस्था और भक्ति का अद्भुत माहौल रहा। पूरे कार्तिक माह प्रात:काल भगवान बांके बिहारी की पूजा-अर्चना करने वाली महिलाओं के समूह ने श्री कृष्ण कन्हैया के भक्ति रस में डूबकर विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए। इस दौरान मंदिर में दिनभर पूजन-अर्चन का क्रम चला, जिसके बाद भगवान श्री हरि को छप्पन भोग अर्पित कर विधि-विधान से हवन किया गया।
नर्मदा स्नान के बाद नाचते-गाते मंदिर पहुंचीं सखियां 

कार्यक्रम की शुरुआत अत्यंत उत्साह और भक्तिभाव के साथ हुई। भक्ति रस में सराबोर सखियां नाचते-गाते और भजन-कीर्तन करते हुए भगवान श्री हरि व बांके बिहारी को पुण्य सलिला मां नर्मदा के तट पर लेकर गईं। वहां भगवान को विधिवत नर्मदा स्नान कराने के उपरांत उन्हें पुन: गाजे-बाजे और उल्लास के साथ श्री राम मंदिर लाया गया।

भावुक पलों के साथ माह का समापन 

पूरे कार्तिक माह आस्थावान महिलाओं द्वारा किए गए इस सामूहिक पूजन में अन्य समाज की महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की। माह के अंतिम दिन पूर्णिमा पर मंदिर परिसर का वातावरण अत्यंत भावपूर्ण रहा। पूजन के समापन पर सभी महिलाओं ने एक-दूसरे को गले लगाकर शुभकामनाएं दीं और भगवान बांके बिहारी से अगले कार्तिक माह में पुन: इसी तरह सकुशल मिलने की प्रार्थना की। मंदिर में संपन्न हुए संपूर्ण पूजा-अर्चना, छप्पन भोग और हवन आदि धार्मिक अनुष्ठानों में पुजारी दीपू तिवारी के परिवार का विशेष और सराहनीय सहयोग रहा।


Leave a Comment