मवई की शिक्षा व्यवस्था में प्रशासनिक मनमानी पर उठे सवाल
संकुल प्रभारी के आदेश व बीईओ की निगरानी कठघरे में
- प्राथमिक शाला लूरी में अतिरिक्त प्रभार और कथित फर्जी सील-साइन का मामला गरमाया
- 37 बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका, सहायक आयुक्त से जांच की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. वनांचल क्षेत्र मवई की शिक्षा व्यवस्था एक बार फिर प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर सुर्खियों में है। प्राथमिक शाला लूरी में अतिरिक्त प्रभार देने को लेकर उपजे विवाद ने संकुल स्तर के अधिकारियों की कार्यशैली और विकासखंड शिक्षा अधिकारी की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस पूरे प्रकरण में प्रभारी संकुल प्राचार्य दिनेश मरावी की भूमिका की जांच की मांग तेज हो गई है।
जानकारी अनुसार प्राथमिक शाला लूरी में करीब 37 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिनकी नियमित पढ़ाई को लेकर ग्रामीण पहले से चिंतित हैं। इसी बीच 18 नवंबर 2026 को संकुल प्राचार्य मोतीनाला द्वारा माध्यमिक शाला जामगांव में पदस्थ शिक्षक कृष्ण कुमार नगरिया को प्राथमिक शाला लूरी का अतिरिक्त प्रभार सौंपने का आदेश जारी किया गया, जिसका ग्रामीणों ने कड़ा विरोध किया।
विवाद तब और बढ़ गया जब 21 नवंबर को शाला प्रबंधन समिति की बैठक की सूचना जारी की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित शिक्षक ने लूरी शाला में विधिवत जॉइनिंग और कार्यभार ग्रहण किए बिना ही बैठक की सूचना जारी कर दी और इसमें अन्य विद्यालय की सील व हस्ताक्षर का कथित रूप से उपयोग किया गया। इस संबंध में ग्रामीणों ने 23 नवंबर को थाना प्रभारी मोतीनाला को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
प्रभारी संकुल प्राचार्य की नियुक्ति और अधिकारों पर सवाल
प्रकरण में प्रभारी संकुल प्राचार्य दिनेश मरावी की प्रशासनिक भूमिका पर विशेष रूप से सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि वे ग्रेड-2 के अधिकारी हैं, जबकि संकुल में ग्रेड-1 के शिक्षक भी उपलब्ध हैं। ऐसे में उन्हें किन नियमों व वरिष्ठता के आधार पर प्रभारी प्राचार्य का दायित्व सौंपा गया और क्या उनके द्वारा जारी आदेश उनके प्रशासनिक अधिकार क्षेत्र में आते हैं, इसकी जांच की मांग की गई है।
बीईओ की निगरानी और कलेक्टर के आदेश के उल्लंघन का मुद्दा
इस मामले में विकासखंड शिक्षा अधिकारी मवई की जिम्मेदारी भी सवालों के घेरे में है। विकासखंड के विद्यालयों में शिक्षकों की व्यवस्था और संकुल स्तर के आदेशों की निगरानी बीईओ का दायित्व है, ऐसे में विवादित आदेश जारी होने से पहले उसकी समीक्षा क्यों नहीं की गई? शिकायत में कलेक्टर जनजातीय कार्य विभाग मंडला के 6 जुलाई के उस आदेश का भी हवाला दिया गया है, जिसमें कर्मचारियों के अनावश्यक अटैचमेंट समाप्त कर उन्हें मूल विद्यालयों में भेजने के निर्देश दिए गए थे।
सहायक आयुक्त को सौंपा आवेदन, नियमित शिक्षक की मांग
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मवई के अध्यक्ष संतोष रानू हरदहा ने सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग मंडला को आवेदन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। आवेदन में दिनेश मरावी की नियुक्ति, पात्रता व अधिकारों, बीईओ मवई की जवाबदेही और कथित फर्जी सील-साइन की विभागीय जांच कराने के साथ ही प्राथमिक शाला लूरी में तत्काल नियमित शिक्षक की व्यवस्था करने पर जोर दिया गया है। अब देखना यह होगा कि वनांचल के बच्चों के भविष्य से जुड़े इस मामले में विभाग कब तक ठोस कार्रवाई करता है।










