बीजाडांडी के छोटे से गांव से निकलकर भाजपा जिला मंत्री बने विकास यादव
युवाओं में भारी उत्साह
- मंडला जिले के सबसे युवा भाजपा पदाधिकारी बने विकास
- समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ किया भव्य स्वागत
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास विधानसभा क्षेत्र के बीजाडांडी अंचल के एक छोटे से गांव से निकलकर प्रदेश स्तर तक अपनी पहचान बनाने वाले युवा नेता विकास यादव को मंडला भाजपा का नया जिला मंत्री नियुक्त किया गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, संभाग प्रभारी राहुल कोठारी और जिला प्रभारी रमेश भटेरे की सहमति के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने यह महत्वपूर्ण नियुक्ति की है। विकास यादव लंबे समय से भारतीय जनता युवा मोर्चा में सक्रिय रहकर संगठन के विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं।
विकास यादव को मंडला जिले का सबसे युवा भाजपा पदाधिकारी बनाया गया है। उनकी इस नियुक्ति की खबर सामने आते ही पूरे जिले के कार्यकर्ताओं में हर्ष की लहर दौड़ गई। नियुक्ति के बाद पूरे दिन सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा रहा और हर तरफ उनका नाम छाया रहा। वहीं, शाम को जिला भाजपा कार्यालय में सैकड़ों समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों की थाप और जमकर आतिशबाजी करते हुए अपने युवा नेता का भव्य स्वागत किया।
वरिष्ठ नेताओं ने दी शुभकामनाएं
विकास यादव के जिला मंत्री बनने पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। बधाई देने वालों में मुख्य रूप से सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, प्रदेश की कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, पूर्व मंत्री देवसिंह सैयाम, पूर्व विधायक रामप्यारे कुलस्ते, शिवराज शाह, पंडित सिंह धुर्वे, पूर्व जिलाध्यक्ष रोचिराम गुरवानी, बालकिशन खंडेलवाल, रतन ठाकुर और विजेंद्र कोकडिय़ा सहित जिले के कई अन्य वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी शामिल हैं।










