मंदसौर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मिनी क्रूज चलाकर किया चंबल नदी का भ्रमण

Advertisements

मंदसौर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मिनी क्रूज चलाकर किया चंबल नदी का भ्रमण

घाट पर की विधि-विधान से महाआरती

  • गांधी सागर डैम पर ‘डेस्टिनेशन कैबिनेट’ बैठक संपन्न
  • पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना से 20 गुना बढ़ेगी बिजली उत्पादन क्षमता: सीएम

मंदसौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपनी मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ मंदसौर में चंबल नदी के घाट पर विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महाआरती और विशेष पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मां चंबल की आराधना करते हुए पूरे मध्यप्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर उन्नति की कामना की। पूजा-अर्चना से पूर्व मुख्यमंत्री ने हिंगलाज रिसॉर्ट बोट क्लब से टेंट सिटी बोट क्लब तक चंबल नदी के मनोरम जलमार्ग की यात्रा की। इस दौरान उन्होंने स्वयं मिनी क्रूज का स्टेरिंग थामकर इस रोमांचक जलयात्रा का आनंद लिया और चंबल के रमणीय प्राकृतिक सौंदर्य का अवलोकन किया।

पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज तकनीक से बदलेगी बिजली उत्पादन की तस्वीर

मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि आजादी के तुरंत बाद बने गांधी सागर डैम की जलराशि का बेहतर उपयोग करने के लिए सरकार ने ‘पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना’ की नई तकनीक पर काम शुरू किया है। इस अभिनव प्रयोग में दो जलाशयों के बीच पानी के आवागमन से एक ही जलराशि से बार-बार बिजली बनाई जा सकेगी, जिससे पानी की एक बूंद भी व्यर्थ नहीं जाएगी। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इस तकनीक से बिजली उत्पादन की क्षमता लगभग 20 गुना तक बढ़ जाएगी, जिससे पूरा मध्यप्रदेश लाभान्वित होगा। उन्होंने इसे देश के अन्य राज्यों के लिए भी एक ‘केस स्टडी’ और उत्कृष्ट उदाहरण बताया, जिसे 10 वर्ष के बजाय मात्र 3 वर्ष के रिकॉर्ड समय में पूरा किया जा रहा है।

डेस्टिनेशन कैबिनेट पर्यटन और विकास को देगी नई ऊर्जा

गांधी सागर डैम के समीप टेंट सिटी में आयोजित इस ‘डेस्टिनेशन कैबिनेट’ के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए सीएम ने कहा कि इसका मकसद इस क्षेत्र की अपार संभावनाओं को दुनिया के सामने लाना है। प्राकृतिक सौंदर्य और वन्य संपदा (चीता परियोजना से लेकर विलुप्तप्राय गिद्धों तक) की दृष्टि से यह क्षेत्र स्वर्ग के समान है। मुख्यमंत्री ने रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव का जिक्र करते हुए कहा कि उसी तर्ज पर डेस्टिनेशन कैबिनेट का यह अद्भुत प्रयोग प्रदेश के व्यापक भौगोलिक क्षेत्रों में विकास की नई ऊर्जा और चेतना का संचार करेगा। उन्होंने इस ऐतिहासिक बैठक में शामिल होने के लिए उपमुख्यमंत्री और सभी मंत्रियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि यहां लिए गए निर्णयों से प्रदेश और इस क्षेत्र की जनता को व्यापक लाभ मिलेगा।


Leave a Comment