आंवला नवमी में महिलाओं ने की आंवला पेड़ की पूजा

Advertisements

आंवला नवमी में महिलाओं ने की आंवला पेड़ की पूजा

वृक्ष के नीचे परिवार के साथ मनाई पिकनिक

मंडला महावीर न्यूज 29. कार्तिक माह की शुक्ल पक्ष की नवमी को आंवला नवमी या इच्छा नवमी के नाम से जाना जाता है। इस दिन आंवले के वृक्ष के नीचे भोजन व प्रसाद ग्रहण करना चाहिए। मान्यता है कि भोजन के समय यदि थाली में आंवले का पत्ता गिरे तो यह शुभ माना जाता है। आंवला नवमीं के अवसर पर रानी पार्क, रपटा घाट, बड़ी खैरमाई मंदिर बिंझिंया, गायत्री मंदिर परिसर सहित अन्य स्थानों मेंं महिलाओं ने पूजा अर्चना की एवं आंवले के पेड़ के नीचे बैठकर मन्नत मांगी। आंवला नवमीं को देखते हुए मंदिर परिसर में सुबह से श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी, जो शामतक चलती रही।जानकारी अनुसार जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में महिलाओं, बच्चों की खासी भीड़ देखी गई। कार्तिक स्नान कर महिलाओं ने आंवले की कपूर और घी का दीपक जलाकर पूजा की। पूजा के बाद महिलाओं ने आंवला नवमी की कहानी सुनी। आंवले के पेड़ की महिलाओं ने 11 परिक्रमा और कुछ महिलाओं ने 108 परिक्रमा कर पति और पुत्र की लंबी उम्र की कामना की। पूजा, अर्चना के बाद महिलाओं ने परिवार समेत आंवले के पेड़ के नीचे बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। महिलाओं ने पूजन, तर्पण, दान करके अक्षत फल की प्राप्ति की कामना की।

धार्मिक स्थलों में लगा श्रृद्धालुओं का हुजूम 

प्रतिवर्ष आंवला नवमी के दिन जिला मुख्यालय के धार्मिक स्थलो, पर्यटन स्थलों में महिलाओं और श्रृद्धालुओं का हुजूम लगता है। जिन स्थलों में आंवला के पेड़ लगे होते है। वहां महिलाएं आंवला नवमी की पूजा के लिए पहुंचती है। जिला मुख्यालय के गायत्री मंदिर परिसर, जबलपुर मार्ग स्थित रानी पार्क समेत अन्य स्थलों में श्रृद्धालु महिलाएं आंवले के पेड़ की पूजा अर्चना करने पहुंची। यहां पूजा अर्चना कर घर-परिवार में सुख समृद्धि की कामना की। गांव, कस्बे के जिन देवालयों में आंवले के वृक्ष थे वहां भी सुबह से ही महिलाओं की भीड़ देखने को मिली। ग्राम पंचायत बड़ी खैरी स्थित हनुमान घाट आश्रम में आंवला नवमी में बड़ी संख्या में महिलाओं ने आंवला पेड़ की विधिवत् पूजन किया।

घुघरी में महिलाओं ने की सामूहिक पूजा 

घुघरी विकासखंड के ग्राम पिपरिया में महिलाओं आंवला नवमीं पर आंवला वृक्ष की पूजा, अर्चना की। घुघरी निवासी रमाभारती प्रजापति ने बताया कि इस दिन आंवले के वृक्ष की पूजा करने का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यता है कि आंवला नवमी स्वयं सिद्ध मुहूर्त भी है, इस दिन दान, जप व तप सभी अक्षय होकर मिलते हैं अर्थात इनका कभी क्षय नहीं होता है। ग्राम पिपरिया में महिलाओं द्वारा सामूहिक तौर से आंवला नवमी पर पूजन अर्चन कर परिक्रमा लगाई।


गोकुलधाम की मातृशक्तियों ने रेवांचल पार्क में उल्लास के साथ मनाया आंवला नवमी का पर्व

आंवले के पेड़ की पूजा कर मातृशक्तियों ने किया दान-पुण्य

मंडला महावीर न्यूज 29. गोकुलधाम की मातृशक्तियों ने मंगलवार को रेवांचल पार्क में आंवला नवमी का महापर्व बड़े ही उल्लास और उमंग के साथ मनाया। इस अवसर पर महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगल कामना की तथा विधि-विधान से आंवले के पेड़ की पूजा-अर्चना कर दान-पुण्य किया।धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को माता लक्ष्मी ने आंवले के पेड़ के नीचे बैठकर भोजन बनाया था और स्वयं भी उसी प्रसाद को ग्रहण किया था। उसी समय से इस पवित्र दिन पर आंवले के पेड़ की पूजा करने और उसके नीचे बैठकर भोजन करने की प्राचीन परंपरा चली आ रही है। इस आयोजन से महिलाओं में विशेष उत्साह और धार्मिक उल्लास देखने को मिला।


Leave a Comment