कान्हा की वादियों में पहुंचीं बॉलीवुड अभिनेत्री सोनल चौहान
- जंगल सफारी का लिया आनंद, कैमरे में कैद किए जंगल के नजारे
- सोशल मीडिया में वीकेंड विद टाइगर्स केप्शन के साथ साझा की तस्वीरें
मंडला महावीर न्यूज 29. विश्व प्रसिद्ध कान्हा टाइगर रिजर्व की प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध वन्यजीव जीवन एक बार फिर बॉलीवुड सितारों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। इसी कड़ी में बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री सोनल चौहान कान्हा नेशनल पार्क पहुंचीं, जहां उन्होंने जंगल सफारी का भरपूर आनंद लिया और प्राकृतिक नजारों को अपने कैमरे में कैद किया।
जानकारी अनुसार अभिनेत्री सोनल चौहान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जंगल सफारी की आकर्षक तस्वीरें साझा करते हुए वीकेंड विद टाइगर्स कैप्शन लिखा है। सामने आई तस्वीरों में वे खुली सफारी जीप में बैठकर घने जंगलों की सैर करती और कैमरे से वन्यजीवों व प्रकृति की खूबसूरती को कैद करती नजर आ रही हैं। उनकी इन पोस्ट्स के बाद कान्हा का पर्यटन और प्राकृतिक सौंदर्य एक बार फिर इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया है।

पर्यटकों की पहली पसंद बना कान्हा नेशनल पार्क
बताया गया कि मंडला और बालाघाट जिले में फैला कान्हा टाइगर रिजर्व देश के प्रमुख वन्यजीव पर्यटन स्थलों में शुमार है। यहां के घने साल के जंगल, विशाल घास के मैदान, बाघों की दहाड़ और दुर्लभ बारहसिंगा देश-विदेश के सैलानियों के साथ फिल्मी हस्तियों को भी खूब लुभाते हैं।

फिल्म जन्नत से मिली थी खास पहचान
बताया गया कि सोनल चौहान ने वर्ष 2008 में अभिनेता इमरान हाशमी के साथ सुपरहिट फिल्म जन्नत से बॉलीवुड में कदम रखा था, जिसमें जोया माथुर के किरदार से उन्हें जबरदस्त लोकप्रियता मिली। इसके बाद उन्होंने हिंदी के साथ-साथ दक्षिण भारतीय तेलुगु सिनेमा में भी अपनी खास पहचान बनाई है।










