मंडला के 201 प्राथमिक शिक्षकों को मिली क्रमोन्नति की सौगात
अपाक्स ने जताया आभार, सूची में गुरुजी संवर्ग के नाम शामिल न होने पर नाराजगी
- जनजातीय कार्य विभाग ने जारी किए क्रमोन्नति आदेश
- 12 व 24 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले शिक्षकों को मिला लाभ, छूटे हुए शिक्षकों में असंतोष
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के प्राथमिक शिक्षकों की लंबे समय से चली आ रही क्रमोन्नति की प्रतीक्षा आखिरकार समाप्त हो गई है। कार्यालय सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग मंडला द्वारा 18 नवंबर को जारी आदेश के तहत जिले के कुल 201 प्राथमिक शिक्षकों को क्रमोन्नति वेतनमान का लाभ प्रदान किया गया है।
बताया गया कि जारी आदेश के अनुसार 12 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले 191 प्राथमिक शिक्षकों और 24 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले 10 प्राथमिक शिक्षकों को क्रमोन्नति दी गई है। बता दे कि जिला स्तरीय क्रमोन्नति समिति की बैठक विगत माह 12 मई 2026 को आयोजित की गई थी, जिसकी अनुशंसा के बाद अब यह आदेश जारी हुआ है।
अपाक्स संगठन ने कलेक्टर व सहायक आयुक्त का जताया आभार
क्रमोन्नति आदेश जारी होने पर अपाक्स जिला अध्यक्ष संजीव सोनी एवं शिक्षक समाज ने हर्ष व्यक्त किया है। संगठन की जिला शाखा ने जिले के कलेक्टर और जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त के प्रति हृदय से आभार प्रकट करते हुए कहा कि प्रशासन के सकारात्मक प्रयासों और संवेदनशीलता से ही यह लंबित कार्य पूर्ण हो सका है। इससे शिक्षकों को आर्थिक लाभ मिलने के साथ उनका मनोबल भी बढ़ेगा, जिससे वे और अधिक समर्पण के साथ बच्चों के भविष्य निर्माण में जुटेंगे।
गुरुजी संवर्ग के नाम शामिल नहीं होने पर नाराजगी
एक ओर जहाँ आदेश जारी होने से शिक्षकों में खुशी की लहर है, वहीं दूसरी ओर कई पात्र शिक्षकों की फाइल जमा होने के बावजूद सूची में नाम न आने से नाराजगी भी देखने को मिल रही है। अपाक्स संगठन ने विशेष रूप से गुरुजी संवर्ग से बने प्राथमिक शिक्षकों के नाम सूची में शामिल न किए जाने पर एतराज जताया है। शिक्षकों का कहना है कि उनकी पूरी फाइल जमा होने और सभी आवश्यक बिंदुओं के निराकरण के बाद भी उन्हें इस लाभ से वंचित रखा गया है। संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि छूटे हुए पात्र शिक्षकों के आदेश भी शीघ्र जारी किए जाएं।










