जबलपुर-भोपाल में 45 दिनों की निशुल्क ट्रेनिंग के बाद मिलेगा शत-प्रतिशत प्लेसमेंट

Advertisements

जबलपुर-भोपाल में 45 दिनों की निशुल्क ट्रेनिंग के बाद मिलेगा शत-प्रतिशत प्लेसमेंट

मंडला पुलिस और प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन की अनूठी पहल

  • रोजगार प्रशिक्षण के लिए ग्रामीण युवाओं का जत्था रवाना
  • एसपी राजेश रघुवंशी ने दिखाई हरी झंडी

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के ग्रामीण अंचलों के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए पुलिस प्रशासन मंडला और प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन ने एक संयुक्त और सराहनीय कदम उठाया है। 12 नवंबर को पुलिस कंट्रोल रूम मंडला से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चयनित युवाओं को निशुल्क व्यावसायिक प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए बस द्वारा जबलपुर और भोपाल के लिए रवाना किया गया।बताया गया कि इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार और सब-इंस्पेक्टर आकांक्षा ने उपस्थित सभी युवा साथियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन दिया। इसके बाद अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर युवाओं की बस को रवाना किया। कार्यक्रम में प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन की ओर से सुनील लोधी, संजय साहू, सोनालिका कुशवाहा और अभिषेक यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे।

विभिन्न विधाओं में मिलेगा 45 से 50 दिनों का निशुल्क प्रशिक्षण 

चयनित अभ्यर्थियों को जबलपुर और भोपाल स्थित प्रशिक्षण केंद्रों में 45 से 50 दिनों तक सर्वसुविधायुक्त निशुल्क ट्रेनिंग दी जाएगी। युवाओं को उनकी रुचि के अनुसार एमओए कंप्यूटर कोर्स, टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर सर्विस टेक्निशियन, ब्यूटीशियन कोर्स, और होटल मैनेजमेंट फूड एंड बेवरेज सर्विस जैसे रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

रहना-खाना फ्री, यूनिफॉर्म के साथ दिया जाएगा सर्टिफिकेट 

प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के सुनील लोधी ने बताया कि ट्रेनिंग के दौरान सभी अभ्यर्थियों को हॉस्टल की सुविधा प्रदान की जाएगी, जिसमें उनके रहने और खाने की पूरी व्यवस्था पूर्णत: निशुल्क रहेगी। इसके साथ ही सभी युवाओं को यूनिफॉर्म और भारत सरकार के कौशल विकास उपक्रम एनएसडीसी व प्रथम फाउंडेशन का मान्यता प्राप्त सर्टिफिकेट भी प्रदान किया जाएगा।

प्रशिक्षण के तुरंत बाद मिलेगा प्लेसमेंट 

प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण होने के बाद सभी युवाओं को सुनिश्चित प्लेसमेंट भी उपलब्ध कराया जाएगा। प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के सुनील लोधी ने बताया कि युवाओं को उनके कोर्स के आधार पर ऑफिस वर्क, मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों, व्हीकल सर्विस सेंटर्स व शोरूम, प्रतिष्ठित ब्यूटी पार्लर और 3 से 5 स्टार होटलों में जॉब दिलवाई जाएगी, जिससे वे स्वावलंबी बनकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।


Leave a Comment