बकौरी घाट में बाइक और कार की आमने-सामने भिड़ंत
- रेंज अधिकारी और कूप गार्ड घायल
- कटाई कार्य का निरीक्षण कर लौट रहे थे वनकर्मी
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बकोरी घाट के पास बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में उत्पादन वन मंडल के रेंज अधिकारी और एक कूप गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने हुई इस टक्कर के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घायलों को तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से मंडला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी अनुसार उत्पादन वन मंडल के रेंज अधिकारी दिलीप ऊके और कूप गार्ड हरिकृष्ण राय बुधवार शाम वन विभाग के कटाई कार्य का मैदानी निरीक्षण करने के बाद अपनी बाइक पर सवार होकर वापस मंडला लौट रहे थे। इसी दौरान बकोरी घाट के पास सामने से आ रही एक नेक्सॉन कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जिस वाहन ने टक्कर मारी, उस कार पर मध्यप्रदेश शासन का स्टिकर लगा हुआ था।
बाईक सवार कर्मी हुए घायल
बताया गया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वनकर्मी उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार हादसे में रेंज अधिकारी दिलीप ऊके के सिर में गंभीर चोट आई है और उनके पैर की एक हड्डी टूटने की आशंका जताई गई है। वहीं कूप गार्ड हरिकृष्ण राय के पैर की दो हड्डियां टूटने की पुष्टि हुई है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।










