मंडला में जनजातीय गौरव दिवस की भव्य तैयारियां, भाजपा की प्रेसवार्ता आयोजित
15 अलग-अलग स्वरूपों में होंगे कार्यक्रम, निकाली जाएगी सांस्कृतिक रैली
- 11 से 18 नवंबर तक चलेगा जनजातीय गौरव सप्ताह
- छात्रावासों और चौपालों में युवाओं से होगा सीधा संवाद
मंडला महावीर न्यूज 29. भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर मनाए जाने वाले जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों को लेकर मंडला भाजपा कार्यालय में प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रदेश की कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके, मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज टेकाम, प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज मरकाम, जिला अध्यक्ष शिव पूषाम और सोशल मीडिया संयोजक शोभित रावत प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। प्रेसवार्ता में जिले भर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा साझा की गई।
प्रेसवार्ता में बताया कि मंडला जिले के प्रत्येक विकासखंड में जनजातीय गौरव दिवस पूरे उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इसके तहत जिले भर में 15 अलग-अलग स्वरूपों में गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति, अस्मिता और भगवान बिरसा मुंडा सहित अन्य महान जनजातीय नायकों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाना है, ताकि विशेष रूप से युवा पीढ़ी अपनी गौरवशाली विरासत से जुड़ सके।
11 से 18 नवंबर तक मनेगा गौरव सप्ताह
प्रेसवार्ता में बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 2021 से 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की थी। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए वर्ष 2026 में 11 नवंबर से 18 नवंबर तक व्यापक स्तर पर जनजातीय गौरव सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य आयोजन 15 नवंबर को होगा। प्रदेश स्तर के साथ-साथ मंडला जिले में भी इस दिन 2 से 3 किलोमीटर लंबा भव्य सांस्कृतिक जुलूस निकाला जाएगा, जिसका समापन एक विशाल रैली के रूप में होगा।
स्वच्छता, दीप प्रज्वलन और युवा संवाद का होगा आयोजन
कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए 12 और 13 नवंबर को अनुसूचित जनजाति मोर्चा द्वारा बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें सभी पदाधिकारी और मंडल अध्यक्ष रूपरेखा तय करेंगे। बताया गया कि 14 नवंबर को जनजातीय महानायकों की प्रतिमाओं और देवस्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, दीप प्रज्वलित किए जाएंगे और लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 16 व 17 नवंबर को जनजातीय छात्रावासों में विशेष संपर्क अभियान चलाकर युवाओं और विद्यार्थियों से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। 18 से 20 नवंबर को पूर्व एवं वर्तमान सांसद, विधायक और प्रदेश पदाधिकारी जनजातीय अंचलों में जनजाति गौरव चौपाल आयोजित कर समाज के लोगों से संवाद करेंगे और सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे।










