28 हजार रुपये से अधिक की अवैध शराब व लाहन जब्त
मछली मार्केट से लेकर मुक्तिधाम तक चल रहा था अवैध कारोबार
- विभाग ने 5 ठिकानों पर की कार्रवाई, 5 प्रकरण दर्ज
- मंडला, नैनपुर और बिछिया में आबकारी विभाग की ताबड़तोड़ दबिश
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में 12 नवंबर को कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे के कड़े निर्देशन और जिला आबकारी अधिकारी सतीश कश्यप के मार्गदर्शन में विभाग की टीमों ने मंडला, नैनपुर और बिछिया क्षेत्रों में अवैध शराब के ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में अवैध मदिरा और महुआ लाहन जब्त कर 5 मामले दर्ज किए गए हैं।
मछली मार्केट और मुक्तिधाम के पास कार्रवाई
आबकारी टीम ने मुखबिर की सूचना पर मंडला शहर के मछली मार्केट स्थित एक दुकान पर छापा मारा, जहां से अवैध रूप से बेची जा रही 48 पाव देशी मदिरा प्लेन जब्त की गई। वहीं शहर के देवदरा क्षेत्र में मुक्तिधाम के आगे दबिश देकर शराब तस्करों के ठिकाने से 40 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब बरामद की गई। इन दोनों ही मामलों में आबकारी अमले ने प्रकरण पंजीबद्ध किए हैं।
नैनपुर और बिछिया में भी पकड़ी गई शराब
जिले के ग्रामीण अंचलों में भी विभाग ने सख्ती दिखाई। नैनपुर क्षेत्र के ग्राम डिठौरी में दबिश देकर आबकारी टीम ने 7 लीटर हाथ भट्टी कच्ची मदिरा और शराब बनाने के लिए तैयार रखा 120 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया। इसी तरह, बिछिया क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सिझोरा के पास एक नाले के किनारे संचालित शराब के अड्डे पर कार्रवाई करते हुए 45 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब जब्त की गई है।
28 हजार से अधिक का है जब्त माल
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि मंडला, नैनपुर और बिछिया वृत्तों में की गई इस संयुक्त कार्रवाई में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत कुल 5 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। छापामार कार्रवाई के दौरान जब्त की गई मदिरा और महुआ लाहन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 28 हजार 170 रुपये आंकी गई है। अवैध शराब के खिलाफ विभाग की यह कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।










