मंडला में दक्ष प्रजापति आर्मी का प्रथम भव्य सामाजिक सम्मेलन आज
- प्रदेश अध्यक्ष और महिला उत्थान अध्यक्ष का होगा स्वागत
- टाउन हॉल भवन में आयोजित होगा कार्यक्रम
मंडला महावीर न्यूज 29. महिष्मति नगरी मंडला में आज शुक्रवार को दक्ष प्रजापति आर्मी मध्यप्रदेश का प्रथम भव्य सामाजिक सम्मेलन एवं स्वागत समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस गौरवपूर्ण अवसर पर दक्ष प्रजापति आर्मी मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष आरएन प्रजापति उगली का मंडला जिला मुख्यालय पर प्रथम बार आगमन हो रहा है। उनके साथ महिला उत्थान विभाग की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती नीलिमा देवी प्रजापति का भी आगमन होगा।
आयोजन समिति ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज को संगठित करना, आपसी सौहार्द बढ़ाना और महिला उत्थान समेत विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर विचार-विमर्श करना है। प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों के प्रथम नगर आगमन को लेकर समाज के युवाओं और स्वजातीय बंधुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
यह सामाजिक सम्मेलन आज शुक्रवार दोपहर 12 बजे से नगर पालिका मंडला के टाउन हॉल भवन में आयोजित किया जाएगा। दक्ष प्रजापति आर्मी मध्यप्रदेश की ओर से जिले के समस्त स्वजातीय बंधुओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस सम्मेलन की गरिमा बढ़ाएं और अतिथियों के स्वागत व सामाजिक एकता के इस महाअभियान में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।









