नर्मदा नदी में बने छोटे रपटा पुल में अब तक नहीं लगी हटाई गई रेलिंग

Advertisements

नर्मदा नदी में बने छोटे रपटा पुल में अब तक नहीं लगी हटाई गई रेलिंग

एक माह से अधिक समय बीता, हादसे का मंडरा रहा खतरा

  • स्वागत द्वार ढहने और सड़क से डामर उखडऩे से बढ़ रही परेशानी
  • स्थानीय लोगों ने शीघ्र मरम्मत की उठाई मांग

मंडला महावीर न्यूज 29. नर्मदा नदी में बने छोटे रपटा पुल के रेवा पथ की सुरक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही है। बारिश के मौसम के दौरान सुरक्षा कारणों से हटाई गई रेलिंग एक महीने से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी दोबारा नहीं लगाई गई है। जिसके चलते पुल से गुजरने वाले राहगीरों और आम नागरिकों के लिए हर वक्त दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इस छोटे रपटा पुल पर सुबह और शाम के समय बड़ी संख्या में लोग वाकिंग के लिए आते हैं, जिनमें बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और युवा शामिल होते हैं। पुल पर रेलिंग न होने के कारण पुल के किनारे से गुजरते समय जरा सी चूक या असावधानी किसी बड़े हादसे का सबब बन सकती है। जिसके लिए स्थानीय प्रशासन बेखबर है। लोगों का कहना है कि स्थानीय प्रशासन अब किसी हादसे का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही यहां से हटाई गई रैलिंग लगाई जाएगी।

तय समय सीमा के बाद भी नहीं हुआ काम 

बताया गया कि बारिश के मौसम में नदी का जलस्तर बढऩे की आशंका के चलते हर साल पुल से रेलिंग हटा ली जाती है। आमतौर पर बारिश का दौर थमने के बाद 15 अक्टूबर तक रेलिंग को वापस लगा दिया जाता था, लेकिन इस बार नवंबर का दूसरा सप्ताह शुरू होने के बावजूद जिम्मेदार विभागों द्वारा इस और कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

स्वागत द्वार हो गया क्षतिग्रस्त और उखड़ गया मार्ग 

पुल की बदहाली केवल रेलिंग तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसके दोनों ओर बने स्वागत द्वार भी ढह चुके हैं और सड़क के कई हिस्सों से डामर पूरी तरह उखड़ गया है। गड्ढों और बदतर होती स्थिति के कारण इस मार्ग से आने-जाने वाले वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन से त्वरित सुधार की मांग 

क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि इस व्यस्त मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवाजाही करते हैं, इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों और प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर नहीं जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि पुल पर जल्द से जल्द रेलिंग लगवाई जाए, टूटे हुए स्वागत द्वारों को ठीक कराया जाए और क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराई जाए, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके।


Leave a Comment