महाराजपुर और मंडला को जोडऩे वाले पुल पर गड्ढे

Advertisements

महाराजपुर और मंडला को जोडऩे वाले पुल पर बने गड्ढे

बन रहा हादसों का सबब, राहगीर परेशान

  • गड्ढों से बचने की जद्दोजहद में हो रहे हैं निरंतर हादसे
  • स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से शीघ्र मरम्मत की लगाई गुहार

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला और महाराजपुर को आपस में जोडऩे वाले नर्मदा नदी में बने मुख्य पुल की स्थिति इन दिनों बेहद जर्जर हो चुकी है। पुल पर बड़े-बड़े जानलेवा गड्ढे बन जाने के कारण यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि इन गड्ढों से बचने के चक्कर में रोजाना वाहन चालक हादसे का शिकार हो रहे हैं, जिससे क्षेत्र में कभी भी किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों ने बताया कि पुल पर बने इन गड्ढों का अंदाजा रात के समय या अचानक सामने आने पर नहीं लग पाता है। दोपहिया वाहन चालक इन गड्ढों से बचने का प्रयास करते समय संतुलन खो बैठते हैं और आए दिन दुर्घटनाग्रस्त होकर चोटिल हो रहे हैं। व्यस्त मार्ग होने के कारण इस पुल से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहनों का आना-जाना होता है, जिससे खतरा और अधिक बढ़ गया है।

स्थानीय प्रशासन से त्वरित हस्तक्षेप की मांग 

क्षेत्रीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग की उदासीनता पर रोष व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि कई बार इस समस्या की ओर ध्यान आकर्षित कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। परेशान और चिंतित नागरिकों ने मंडला कलेक्टर से मांग की है कि वे इस मामले में व्यक्तिगत रूप से संज्ञान लें। नागरिकों का कहना है कि संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर पुल के इन गड्ढों की शीघ्र मरम्मत कराई जाए, जिससे आम जनता को सुगम और सुरक्षित आवागमन मिल सके और होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।


Leave a Comment