मंडला में बेखौफ बदमाश
घर से निकली महिला के गले से झपटी सोने की चेन
- कटर से काटकर दिया वारदात को अंजाम
- नर्मदा जी वार्ड की घटना
- बाइक सवार दो बदमाशों ने दिनदहाड़े की लूट
- सीसीटीवी खंगाल रही कोतवाली पुलिस
मंडला महावीर न्यूज 29. नगर में दिनदहाड़े लूट और चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। नया मामला नर्मदा जी वार्ड का है, जहां बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। लूट की यह घटना तब हुई जब महिला अपने घर से कुछ ही दूर निकली थी। बदमाशों ने बड़ी चालाकी से कटर जैसी किसी नुकीली चीज से चेन को काटा और पलक झपकते ही वहां से फरार हो गए।
चंद कदम चलते ही बदमाशों ने किया हमला
जानकारी अनुसार नर्मदा जी वार्ड निवासी पीड़ित महिला ममता अग्रवाल सराफा व्यवसायी हैं। उन्होंने बताया कि वे घर से अपनी दुकान जाने के लिए निकली थीं और मुश्किल से एक घर पार कर कुछ कदम ही आगे बढ़ी होंगी कि तभी बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने पीछे से उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने उनके गले में पहनी हुई करीब 28-30 ग्राम की सोने की चेन (मय लॉकेट) झपट ली और तेजी से भाग निकले।
कटर से काटकर चेन उड़ाने की आशंका
पीड़ित महिला का कहना है कि उनकी चेन काफी मोटी और मजबूत थी, जिसे केवल झपटकर तोड़ना मुश्किल है। बदमाशों ने उनके पास किसी कटर जैसी चीज से चेन को काटा है, क्योंकि वारदात के बाद महिला को अपनी गर्दन पर भी हल्की खरोंच महसूस हुई। महिला ने बताया कि उन्होंने बदमाशों के चेहरे तो नहीं देखे, लेकिन पीछे से एक युवक को सफेद शर्ट पहने हुए देखा था। बदमाश बिना नंबर वाली या ऐसी बाइक पर थे जिसका नंबर दूर से दिखाई नहीं दे रहा था।
डॉक्टर के पास जाने के लिए निकली थीं महिला
महिला ने बताया कि वे अमूमन इतने समय दुकान नहीं जाती हैं, लेकिन उन्हें डॉक्टर के पास जाना था, इसलिए वे घर से निकली थीं। ऐसा लगता है कि बदमाश पहले से घात लगाए बैठे थे और महिला के बाहर आते ही उन्होंने वारदात को अंजाम दे दिया।
कोतवाली थाने में शिकायत, पुलिस की जांच शुरू
घटना के तुरंत बाद पीड़ित महिला ने कोतवाली थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस से इन बदमाशों को जल्द से जल्द पकड़ने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर बाइक सवार दोनों बदमाशों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।










