नृत्य प्रतियोगिता में दिखा मां-बच्चे का अटूट प्यार

Advertisements

ब्रेन चाइल्ड एकेडमी में दीपावली फिएस्टा की धूम

माताओं और बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

  • मातृ-शिशु युगल नृत्य प्रतियोगिता में दिखा मां-बच्चे का अटूट प्यार
  • भजन जैमिंग व कला प्रदर्शनी भी रही आकर्षण का केंद्र

मंडला महावीर न्यूज 29. दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में ब्रेन चाइल्ड एकेडमी प्री-स्कूल में दीपावली फिएस्टा प्रकाश, प्रेम एवं एकजुटता का उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस विशेष आयोजन में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों के साथ उनकी माताओं ने भी पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की। विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियों और मनोरंजक गतिविधियों से स्कूल का पूरा परिसर उत्सवी माहौल में सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में प्रियंका उपाध्याय धोटे ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

समारोह के दौरान दीपावली आर्ट एग्जीबिशन, भजन जैमिंग, मनोरंजक दीपावली खेल, वर्ड्स इन ब्लूम और मातृ-शिशु युगल नृत्य प्रतियोगिता जैसे कई दिलचस्प आयोजन किए गए। इनमें सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र मां और बच्चे की जोड़ी द्वारा दी गई डांस परफॉर्मेंस रही।

दो श्रेणियों में हुई नृत्य प्रतियोगिता 

नृत्य प्रतियोगिता को मुख्य रूप से दो श्रेणियों में बांटा गया था। पहली श्रेणी में कक्षा पहली के विद्यार्थियों ने अपनी माताओं के साथ कदम से कदम मिलाकर मनमोहक नृत्य किया। वहीं, दूसरी श्रेणी में प्ले गु्रप से लेकर जूनियर केजी तक के नन्हे बच्चों ने अपनी माताओं के साथ शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में भव्यदीप कछवाहा और चेतना मालवानी शामिल रहे, जिन्होंने प्रतिभागियों का मूल्यांकन करने के साथ ही उनका जमकर उत्साहवर्धन भी किया।

माताओं ने सराही स्कूल की पहल 

इस आयोजन में माताओं की सक्रिय सहभागिता देखने लायक थी। माताओं ने बच्चों के साथ मंच साझा करने और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर प्रदान करने के लिए विद्यालय प्रबंधन की इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए उनका आभार जताया।

रिश्तों को मजबूत करने का दिया संदेश 

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य केवल मनोरंजन करना या प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं था, बल्कि इसके माध्यम से मां और बच्चे के बीच प्रेम, विश्वास और आत्मीयता के रिश्ते को और अधिक प्रगाढ़ बनाने का सार्थक संदेश भी दिया गया। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय की सेंटर हेड शालिनी शुक्ला, एकेडमिक मैनेजर राशि पमनानी और स्कूल रिलेशनशिप मैनेजर मोनिका कछवाहा सहित संपूर्ण विद्यालय टीम का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्रबंधन ने सभी अभिभावकों व प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें दीपावली की मंगलकामनाएं दीं।


रिपोर्टर- रितेश पमनानी


Leave a Comment