अवैध एलोपैथिक दवाइयां और चिकित्सा उपकरण जब्त, क्लिनिक सील
- बीजाडांडी में अवैध क्लीनिकों पर प्रशासन का कड़ा प्रहार
- स्वास्थ्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में बिना वैध डिग्री और अनुमति के चल रहे अवैध क्लीनिकों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। इसी कड़ी में बीजाडांडी में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने एक अवैध क्लिनिक को सील कर दिया है। यह कार्रवाई स्वास्थ्य विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
जानकारी अनुसार प्रशासन को बीजाडांडी में अवैध रूप से क्लिनिक संचालित कर मरीजों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किए जाने की सूचना मिल रही थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने आशीष पाल द्वारा संचालित पाल क्लिनिक का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि क्लिनिक नियम के तहत संचालित नहीं किया जा रहा है।
दवाइयां और उपकरण किए गए जब्त
संयुक्त टीम ने जब क्लिनिक के अंदर सघन जांच की तो वहां अवैध रूप से रखी गई भारी मात्रा में एलोपैथिक दवाइयां और विभिन्न चिकित्सा उपकरण पाए गए। टीम ने तत्काल प्रभाव से उक्त सभी एलोपैथिक दवाइयों और चिकित्सा उपकरणों को जब्त कर लिया। इसके बाद पंचनामा बनाकर क्लिनिक के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया गया और उसे विधिवत सील कर दिया गया। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से चिकित्सा कार्य कर रहे अन्य लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।










