दुकान की आड़ में गांजा बेच रही महिला गिरफ्तार
ग्राम मुगदरा में चल रहा था नशे का अवैध कारोबार
- बम्हनी पुलिस की कार्रवाई
- एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
- भेजी गई जेल
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम कसने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में बम्हनी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दुकान की आड़ में अवैध रूप से गांजा बेच रही एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से अत्यधिक मात्रा में गांजा बरामद किया है।
बताया गया कि बम्हनी पुलिस को मुखबिर से एक सटीक सूचना मिली थी कि ग्राम मुगदरा में एक महिला अपनी दुकान में बिक्री के लिए अवैध रूप से गांजा रखे हुए है। इस अहम सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा और एसडीओपी मनीष राज के दिशा-निर्देशन में थाना प्रभारी सत्येन्द्र रघुवंशी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
दुकान में हो रही थी अत्यधिक मात्रा में गांजे की बिक्री
थाना बम्हनी पुलिस की टीम ने मुखबिर के बताए स्थान पर घेराबंदी कर दबिश की कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान मौके पर एक महिला अत्यधिक मात्रा में अवैध गांजा विक्रय करते हुए पाई गई। पुलिस ने महिला को रंगे हाथों पकड़ लिया और उसके कब्जे से गांजा जब्त कर लिया।
आरोपी महिला को भेजा जेल
पूछताछ में महिला ने अपना नाम रामकुमारी यादव पति हरिलाल यादव 46 वर्ष बताया, जो ग्राम मुगदरा की ही निवासी है। पुलिस ने आरोपी महिला के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी महिला को माननीय न्यायालय मंडला के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
कार्रवाई में इनका रहा योगदान
अवैध मादक पदार्थ के विरुद्ध की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बम्हनी निरीक्षक सत्येन्द्र रघुवंशी, उप निरीक्षक अशोक राणा, उप निरीक्षक किरण बट्टी, प्रधान आरक्षक अंशुलाल तेकाम, अर्जुन रजक, हीरा मरावी, सचिन यादव, महिला प्रधान आरक्षक महावती मसराम, महिला आरक्षक गायत्री, जयश्री, स्नेहलता और चालक आरक्षक नवीन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।










