बड़े रपटा पुल पर बस और बाइक की सीधी भिड़ंत
सिवनी निवासी युवक गंभीर रूप से घायल
- हादसे के बाद पुल पर लगा लंबा जाम
- प्राथमिक उपचार के बाद युवक जबलपुर रेफर
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय को महाराजपुर से जोड़ने वाले बड़े रपटा पुल पर मंगलवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पुल पर एक यात्री बस और बाइक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के कारण पुल पर यातायात बुरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
बाइक सुधरवाने मंडला आया था युवक
जानकारी अनुसार घायल युवक की पहचान अजय परते (उम्र 26 वर्ष, पिता अमर सिंह परते) के रूप में हुई है, जो सिवनी जिले के सिंघनपुरी गांव का निवासी है। बताया जा रहा है कि अजय अपनी बाइक की मरम्मत कराने के लिए मंडला आया हुआ था। मंगलवार शाम करीब 6 बजे वह अपनी बाइक सुधरवाने के बाद वापस अपने गांव लौट रहा था।

हादसे के बाद लगा लंबा जाम
इसी दौरान जैसे ही वह बड़े रपटा पुल पर पहुंचा, सामने से आ रही एक बस से उसकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अजय गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पुल पर करीब आधे घंटे तक दोपहिया और चारपहिया वाहन फंसे रहे, जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई।
जबलपुर किया गया रेफर
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर एम्बुलेंस पहुंची और घायल अजय को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया, लेकिन सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में आई गंभीर चोटों के कारण उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।










