नेशनल हाईवे 30 पर भीषण हादसा
चूने से भरा ट्रक खड़े ट्रक और स्कॉर्पियो से टकराया, चालक गंभीर
- कुड़ामैली के पास मधुवन ढाबा के आगे हुई जोरदार भिड़ंत
- हाईवे पर लगा लंबा जाम, जबलपुर रेफर हुआ घायल चालक
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला-जबलपुर नेशनल हाईवे 30 पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन इस व्यस्त मार्ग पर दुर्घटनाएं हो रही हैं। नारायणगंज क्षेत्र के कुड़ामैली मधुवन ढाबा के आगे घाट के नीचे खड़े एक खराब ट्रक को जबलपुर की तरफ से आ रहे चूने से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे की चपेट में वहां से गुजर रही एक स्कॉर्पियो और एक अन्य भारी वाहन भी आ गया। हादसे में चूना लेकर जा रहे ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया है।
जानकारी अनुसार जबलपुर की ओर जा रहा एक ट्रक तकनीकी खराबी के कारण कुड़ामैली के पास घाट के नीचे सड़क किनारे खड़ा था। ट्रक चालक ने सुधार कार्य के लिए मिस्त्री को बुलाया था और वहीं आसपास खड़े होकर उसका इंतजार कर रहा था। इसी दौरान रात करीब 9 बजे जबलपुर की तरफ से छत्तीसगढ़ की ओर जा रहा एक अन्य ट्रक जिसमें भारी मात्रा में चूना लदा हुआ था, अचानक वाहन का ब्रेक फेल हो गया और तेज रफ्तार होने के कारण ट्रक अनियंत्रित हो गया और पहले वहां से गुजर रहे स्कॉर्पियो को टक्कर मारी और वहीं मार्ग किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया। इस हादसे में ट्रक चालक केबिन में ही फंस गया।
स्कॉर्पियो और एक अन्य ट्रक भी चपेट में आए
बताया गया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि वहां से गुजर रही एक स्कॉर्पियो कार भी दोनों ट्रकों की चपेट में आ गई। इतना ही नहीं सड़क किनारे खड़े एक अन्य भारी वाहन की डीजल टंकी भी इस हादसे में क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत यह रही कि खराब ट्रक को सुधारने वाला मिस्त्री समय पर नहीं पहुंच पाया था। यदि मिस्त्री वहां होता और सुधार कार्य चल रहा होता, तो दोनों ट्रकों के बीच दबने से कई लोगों की जान जा सकती थी और एक बहुत बड़ा हादसा हो सकता था।
चूना ट्रक का चालक गंभीर, जबलपुर रैफर
इस भीषण भिड़ंत में छत्तीसगढ़ जा रहे चूने से भरे ट्रक का चालक प्रहलाद यादव 31 वर्ष, पिता मनमोहन यादव, निवासी मंगली गंभीर रूप से घायल हो गया। वाहन चालक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गहरी चोटें आई हैं। वहीं इसी ट्रक के कंडक्टर को मामूली चोटें आई हैं। बताया गया कि हादसे में ट्रक चालक प्रहलाद वाहन में ही फंस गया था। हादसे की सूचना मिलते ही टिकरिया पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक प्रहलाद यादव को निकालने का प्रयास किया गया। तत्काल जेसीबी बुलाई गई और उसकी मदद से ट्रक के केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला जा सका। तत्काल गंभीर घायल चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज, जबलपुर रेफर कर दिया।
हाईवे पर लगा लंबा जाम, पुलिस की मशक्कत से खुला रास्ता
हादसे के बाद चूने से भरा ट्रक नेशनल हाईवे के बीचों-बीच आड़ा होकर खड़ा हो गया था। इसके कारण जबलपुर-मंडला मार्ग पूरी तरह से बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। रात का समय होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। टिकरिया पुलिस ने घंटों तक कड़ी मशक्कत की, जिसके बाद रात करीब 1 बजे यातायात को आंशिक रूप से बहाल किया जा सका। देर रात तक पुलिस बल घटनास्थल पर मुस्तैद रहा।
मार्ग किनारे किया गया ट्रक
रात में यातायात आंशिक रूप से शुरू होने के बावजूद बड़े वाहनों के निकलने में परेशानी हो रही थी। जिसके लिए टिकरिया थाना प्रभारी द्वारा क्रेन की व्यवस्था की गई। बुधवार को 12 बजे के बाद हाईवे पर आड़े खड़े ट्रक को किनारे करवाया गया। इसके बाद ही मार्ग पूरी तरह से साफ हो सका और दोनों तरफ से वाहनों का सुचारू आवागमन सामान्य रूप से शुरू हो पाया। टिकरिया पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए हादसे की जांच कर रही है।










