बायो रिसोर्स सेंटर के साथ घुघरी में हाट बाजार का उद्घाटन
किसानों को बांटे 1.30 करोड़ से अधिक के ऋण
- नाबार्ड अधिकारियों ने किया थानमगांव व पायलीबहुर वाटरशेड का भ्रमण
- 200 से अधिक ग्रामीणों की उपस्थिति में दिखा विकास का मॉडल
मंडला महावीर न्यूज 29. नाबार्ड और प्रदान संस्था के संयुक्त तत्वावधान में निवास विकासखंड के ग्राम थानमगांव एवं पायलीबहुर में संचालित वाटरशेड परियोजनाओं का एक दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह भ्रमण नाबार्ड मप्र की मुख्य महाप्रबंधक श्रीमती सी सरस्वती के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया। इस दौरान उन्होंने जल संरक्षण, कृषि विकास और आजीविका की दिशा में हो रहे कार्यों का जायजा लिया और प्रदान संस्था सहित ग्रामीण समुदाय के सामूहिक प्रयासों की जमकर सराहना की।
कार्यक्रम में 200 से अधिक ग्रामीणों ने सहभागिता की। वाटरशेड विकास समिति और महिला किसानों ने अतिथियों का स्वागत पारंपरिक आदिवासी संस्कृति और लोकगीतों के माध्यम से किया। इस दौरान वाटरशेड विकास और जल संरक्षण पर आधारित एक प्रभावी नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया, जिसने ग्रामीणों को जागरूक किया।
विभिन्न विकास कार्यों का किया अवलोकन
भ्रमण के दौरान नाबार्ड और बैंक अधिकारियों की टीम ने जल एवं मृदा संरक्षण संरचनाओं, बड़े पैमाने पर किए गए पौधरोपण, मल्टीलेयर खेती और कृषि यंत्रों का अवलोकन किया। इसी कड़ी में बायो रिसोर्स सेंटर का उद्घाटन किया गया, जहां बायोचार निर्माण प्रक्रिया का सीधा प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही मुख्य महाप्रबंधक ने घुघरी में नवनिर्मित हाट बाजार का भी फीता काटकर उद्घाटन किया।

किसानों और महिला समूहों को मिला बड़ा आर्थिक संबल
इस अवसर पर किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए बड़ी ऋण राशि का वितरण किया गया। मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक द्वारा महिला स्वयं सहायता समूहों को 96 लाख रुपये और किसानों को 25 लाख रुपये के किसान क्रेडिट कार्ड ऋण वितरित किए गए। जिला सहकारी बैंक द्वारा भी 9.80 लाख रुपये के केसीसी ऋण बांटे गए। इसके साथ ही किसानों को खेती के लिए हाइड्रोजेल एवं स्प्रिंकलर सेट नि:शुल्क वितरित किए गए।

गोंड पेंटिंग कलाकारों से की चर्चा, बाजार से जोडऩे पर दिया जोर
भ्रमण के दौरान श्रीमती सी सरस्वती ने गोंड पेंटिंग से जुड़ी महिला स्वयं सहायता समूह की कलाकारों के साथ विशेष संवाद किया। उन्होंने उत्पादों की गुणवत्ता, डिजाइन, पैकेजिंग और मार्केटिंग को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। उन्होंने हाल ही में भोपाल में आयोजित ओजस्विनी महोत्सव मेले में कलाकारों के अनुभवों को सुना और उन्हें भविष्य में भी प्रदर्शनियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
इनकी रही उपस्थिति
इस कार्यक्रम में नाबार्ड से डीजीएम सलिल जोकरकर, डीडीएम देवव्रत पाल, एलडीएम सुजॉय कुमार, एमपीजीबी क्षेत्रीय प्रबंधक सुरेश परस्ते, उप क्षेत्रीय प्रबंधक जितेंद्र ठाकुर, जिला सहकारी बैंक की सीईओ साक्षी पंडराम, निवास शाखा प्रबंधक प्रदीप मरकाम और प्रदान संस्था से साहिब, सौरभ सिंह व अनुरुद्ध शास्त्री प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में हथकरघा विभाग के प्रतिनिधि डेकाटे, जनपद सदस्य, सरपंच और पंचायत सचिवों ने भी सहभागिता की।










