दीपावली पर नेत्र सुरक्षा के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
पटाखे जलाते समय सावधानी बरतने और बच्चों की निगरानी रखने की अपील
मंडला महावीर न्यूज 29. दीपावली पर्व के दौरान आंखों की सुरक्षा एवं पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा नेत्र सुरक्षा अभियान के तहत एडवाइजरी जारी की गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशानुसार तथा चिकित्सा अधिकारियों के मार्गदर्शन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहमनी बैहर क्षेत्र में जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि दीपावली के दौरान पटाखे जलाते समय विशेष सावधानी बरतें। पटाखों से निकलने वाली चिंगारी, धुआं एवं बारूद के कण आंखों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। विशेष रूप से बच्चों को पटाखे जलाते समय अकेला न छोड़ें तथा उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखें।
विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी में पटाखे खुले एवं सुरक्षित स्थान पर जलाने, ज्वलनशील वस्तुओं से दूरी बनाए रखने, पटाखे जलाते समय लंबी दूरी वाली मोमबत्ती का उपयोग करने तथा पटाखों को चेहरे के पास न ले जाने की सलाह दी गई है। आंखों में चिंगारी या कचरा जाने पर स्वच्छ पानी से आंखें धोएं तथा आंखों को रगडऩे से बचें। पटाखों के धुएं और प्रदूषण से बचने के लिए भी आवश्यक सावधानी बरतें।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से दीपावली का पर्व सुरक्षित एवं सावधानीपूर्वक मनाने की अपील की है। किसी भी प्रकार की आकस्मिक स्थिति में तत्काल 108 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सकीय सहायता प्राप्त करें।









