बेखौफ चोर, अलसुबह यामाहा R15 बाइक की पार

Advertisements

मंडला में बेखौफ चोर

नेहरू स्मारक के पास से अलसुबह यामाहा R15 बाइक पार

  • सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
  • स्कूटी सवार तीन युवकों ने स्कूटी से धक्का देकर चुराई बाइक
  • प्रिंटिंग व्यवसायी की शिकायत पर तलाश में जुटी पुलिस

मंडला महावीर न्यूज 29. नगर में वाहन चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला सोमवार अलसुबह का है, जहां नेहरू स्मारक के समीप स्थित ‘अमृत तुल्य’ चाय दुकान के सामने से अज्ञात बदमाशों ने एक यामाहा आर-15 (Yamaha R15) बाइक पार कर दी। चोरी की यह पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में साफ कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अब आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

अलसुबह 6:07 बजे दिया वारदात को अंजाम

जानकारी अनुसार चोरी गई बाइक स्थानीय निवासी राहुल वर्मे की है, जो प्रिंटिंग का व्यवसाय करते हैं और इसी इलाके में निवास करते हैं। सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि सोमवार सुबह करीब 6:07 बजे एक स्कूटी पर सवार होकर तीन युवक वहां पहुंचे। मौका पाकर उनमें से एक युवक स्कूटी से उतरा और दुकान के सामने खड़ी यामाहा बाइक को ले जाने लगा। इसके बाद बदमाशों ने स्कूटी से पैर से धक्का देकर बाइक को आगे बढ़ाया और उसे रपटा पुल की ओर ले गए।

रात से ही रेकी करने की आशंका

पीड़ित राहुल वर्मे ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे जब वे सोकर उठे थे, तब उन्होंने अपनी बाइक दुकान के सामने सुरक्षित खड़ी देखी थी। लेकिन कुछ ही मिनटों बाद जब उन्होंने दोबारा देखा, तो बाइक अपनी जगह से गायब थी। माजरा समझ न आने पर जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तब जाकर इस चोरी का खुलासा हुआ। राहुल के मुताबिक, फुटेज की बारीकी से जांच करने पर ऐसी आशंका जताई जा रही है कि तीनों आरोपी बीती रात से ही इलाके में घूम-घूमकर रेकी कर रहे थे।

पुलिस कर रही आरोपियों की पहचान

घटना की विधिवत सूचना और शिकायत स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। इसके अलावा पीड़ित राहुल खुद भी अपने परिचितों के साथ मिलकर बाइक की तलाश कर रहे हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर स्कूटी सवार तीनों युवकों की शिनाख्त करने और चोरी गई बाइक को जल्द से जल्द बरामद करने की कार्रवाई में जुट गई है।


Leave a Comment

You May Like This