सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर की भूमिका और पत्रकारिता की विश्वसनीयता पर हुई गंभीर चर्चा

Advertisements

सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर की भूमिका और पत्रकारिता की विश्वसनीयता पर हुई गंभीर चर्चा

मंडला में पत्रकारों की बैठक आयोजित

  • पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में जुटे प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के साथी
  • चार नवंबर को जिला योजना भवन में होगी प्रशासनिक बैठक

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले में पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों, पत्रकारों की समस्याओं और उनके अधिकारों को लेकर रविवार को स्थानीय पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पत्रकारों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रिंट मीडिया, टीवी चैनल और सोशल मीडिया से जुड़े तमाम पत्रकारों ने शिरकत की और मीडिया के समक्ष आ रही चुनौतियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।

इस अवसर पर राजेश साहू, हनुमान तिवारी, नीरज अग्रवाल, विमलेश मिश्रा, चन्द्रेश खरे, जावेद खान, अशोक वर्मा, कृष्णा साहू, सैयद सिकंदर अली, पवन राय, मंगल सिंह, देवेन्द्र यादव, राजेश यादव, सुनील सोनकेशरी, विवेक अग्निहोत्री, आयुष चौरसिया, श्रीमती ममता चौरसिया, मनीष तिवारी, लखन भांडे, दीपक जाट और अशोक अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।

बदलती पत्रकारिता और सोशल मीडिया की भूमिका पर हुआ मंथन 

बैठक का मुख्य केंद्र पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर की भूमिका, पत्रकारों की पहचान और विभागीय स्तर पर समन्वय स्थापित करना रहा। चर्चा के दौरान इस बात पर गंभीर चिंता जताई गई कि वर्तमान में फेसबुक, यूट्यूब, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बड़ी मात्रा में समाचार और वीडियो साझा किए जा रहे हैं, जिससे सूचनाओं की प्रमाणिकता और विश्वसनीयता बनाए रखना एक बड़ी चुनौती बन गया है। सर्वोच्च न्यायालय में पत्रकारिता और सोशल मीडिया सामग्री से जुड़े विषयों पर हुई टिप्पणियों का जिक्र करते हुए यह रेखांकित किया गया कि पत्रकारिता केवल सूचना प्रसारित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह तथ्यों की जांच, जिम्मेदारी और जनहित के प्रति गहरी प्रतिबद्धता की मांग करती है।

आरटीआई और प्रशासनिक समन्वय पर जोर 

बैठक के दौरान सूचना का अधिकार अधिनियम के उपयोग पर भी चर्चा हुई। इसे सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों और प्रशासनिक गतिविधियों से जुड़े तथ्य जुटाने का एक सशक्त माध्यम बताया गया। इसके साथ ही जनसंपर्क विभाग और विभिन्न सरकारी विभागों के बीच समन्वय को बेहतर बनाने की जरूरत पर बल दिया गया जिससे पत्रकारों को आधिकारिक जानकारी प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। पत्रकारों की पहचान, अधिमान्यता और कार्यक्षेत्र से जुड़ी व्यवस्थाओं को स्पष्ट करने के लिए नियमों के अनुरूप प्रक्रिया अपनाने पर सहमति बनी।

चार नवंबर को योजना भवन में होगी बैठक 

बैठक में पत्रकारों की इन सभी समस्याओं और विषयों को जिला जनसंपर्क अधिकारी के समक्ष प्रमुखता से रखने का निर्णय लिया गया। इस संबंध में जनसंपर्क अधिकारी से दूरभाष पर चर्चा भी की गई, जिसके तहत आगामी 4 नवंबर को दिन बुधवार को दोपहर 3 बजे जिला योजना भवन में एक विशेष बैठक आयोजित किया जाना तय किया गया है।


 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

You May Like This