12 वर्षीय पवित्र परस्ते का संभागीय अंडर-14 क्रिकेट टीम में चयन

Advertisements

मंडला के 12 वर्षीय पवित्र परस्ते का संभागीय अंडर-14 क्रिकेट टीम में चयन

भोपाल में दिखाएंगे अपने खेल का दम

  • ग्रामीण अंचल के प्रतिभावान खिलाड़ी ने जिले से एकमात्र स्थान बनाकर बढ़ाया मान
  • खेल प्रेमियों में खुशी की लहर

मंडला महावीर न्यूज 29. प्रतिभा, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर ग्रामीण अंचलों के युवा लगातार सफलता के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। इसका एक बेहतरीन उदाहरण निवास तहसील के ग्राम पददीकोना निवासी 12 वर्षीय युवा क्रिकेट खिलाड़ी पवित्र कुमार परस्ते ने प्रस्तुत किया है। पवित्र का चयन 70वीं राज्य स्तरीय शालेय खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 के अंतर्गत संभागीय अंडर-14 क्रिकेट टीम में हुआ है। सबसे खास बात यह है कि इस संभागीय टीम में मंडला जिले से चयनित होने वाले वे एकमात्र खिलाड़ी हैं। अब वे भोपाल में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपने खेल कौशल का प्रदर्शन कर संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले का गौरव बढ़ा है।

कटनी में आयोजित प्रतियोगिता में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन 

जानकारी अनुसार मप्र शासन द्वारा आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय शालेय खेलकूद प्रतियोगिता के तहत अंतर-जिला क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन कटनी में किया गया था। इस प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों के प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों ने अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन किया। खिलाडिय़ों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और चयन प्रक्रिया के आधार पर संभागीय टीम का गठन किया गया, जिसमें पवित्र कुमार परस्ते ने अपनी मजबूत जगह पक्की की। कम उम्र में इस बड़ी उपलब्धि को हासिल करना उनके खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है।

निरंतर अभ्यास और संघर्ष का रहा है परिणाम 

पवित्र की इस सफलता के पीछे उनका निरंतर अभ्यास, अनुशासन और आगे बढऩे का जज्बा है। इससे पहले भी उन्होंने बीसीसीआई से संबद्ध क्रिकेट चयन प्रक्रिया के दौरान मंडला जिले की अंडर-15 चयन सूची में अपना स्थान बनाया था। हालांकि उस समय उन्हें मैदान पर प्रतिभा दिखाने का पूरा अवसर नहीं मिला, लेकिन उन्होंने कभी निराशा को हावी नहीं होने दिया। अपनी कमजोरियों को दूर कर उन्होंने लगातार कड़ी मेहनत जारी रखी, जिसका सुखद परिणाम आज संभागीय टीम में चयन के रूप में सामने आया है।

सेंट अलॉयसियस स्कूल निवास के हैं छात्र 

ग्राम पददीकोना जैसे छोटे ग्रामीण अंचल से निकलकर संभागीय स्तर तक का यह सफर क्षेत्र के अन्य उभरते खिलाडिय़ों के लिए भी एक बड़ी प्रेरणा है। पवित्र सेंट अलॉयसियस स्कूल, निवास के मेधावी छात्र हैं। उनकी इस सफलता पर विद्यालय परिवार, माता-पिता, निवास तहसील और पूरे मंडला जिले में हर्ष का माहौल है। अब जिलेवासियों को भोपाल में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की पूरी उम्मीद है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई दी है।


Leave a Comment

You May Like This