नशामुक्ति, जल संरक्षण और स्वच्छता का दिया संदेश
- गाजीपुर में प्रस्फुटन समितियों का क्षमता वर्धन प्रशिक्षण संपन्न
- नवांकुर योजना व ग्राम विकास पर हुई चर्चा
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड मंडला के बकौरी सेक्टर नंबर 3 के अंतर्गत आने वाले ग्राम गाजीपुर में नवांकुर योजना के तहत ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के लिए एक दिवसीय क्षमता वर्धन प्रशिक्षण का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद और नवांकुर संस्था सनातन वैदिक गुरुकुल एवं गौ संरक्षण समिति के संयुक्त तत्वावधान में प्रस्फुटन शक्ति संचय अभियान के तहत संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती और भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण, तिलक एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके बाद ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति गाजीपुर के अध्यक्ष अनिकेत नंदा ने उपस्थित अतिथियों का तिलक वंदन और पुष्प भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के ब्लॉक समन्वयक संतोष कुमार झारिया, परामर्शदाता संतोष रजक, लालाराम चक्रवर्ती और नवांकुर संस्था के कार्यक्रम समन्वयक महेंद्र सिंगौर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
योजनाओं और सामाजिक कार्यों की दी गई जानकारी
कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए महेंद्र सिंगौर ने प्रशिक्षण के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। इसके बाद ब्लॉक समन्वयक संतोष झारिया ने शासन की नवांकुर, प्रस्फुटन, सृजन और दृष्टि योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। उन्होंने समिति सदस्यों को दस्तावेजों
के सही निर्माण, ग्रामीण जनों को नशामुक्ति का संकल्प दिलाने, गांव में स्वच्छता अभियान चलाने और जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने के तरीके बताए।
सीएमसीएलडीपी कोर्स पर हुई चर्चा
प्रशिक्षण के दौरान सेक्टर 3 के परामर्शदाता संतोष रजक ने उपस्थित समिति सदस्यों को मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित होने वाले समाज कार्य स्नातक और स्नातकोत्तर कोर्स के बारे में विस्तृत जानकारी दी, जिससे युवाओं में नेतृत्व क्षमता का विकास हो सके। इस क्षमता वृद्धि कार्यशाला में प्रस्फुटन समितियों के प्रतिनिधियों के साथ नवांकुर सखियां और समाज कार्य के विद्यार्थी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।










