महीनों से मानदेय न मिलने पर रसोईयों में भारी आक्रोश

Advertisements

महीनों से मानदेय न मिलने पर रसोईयों में भारी आक्रोश

दो दिन में भुगतान नहीं हुआ तो कलेक्ट्रेट के सामने करेंगे अनशन

  • घुघरी में रसोइया उत्थान संघ की बैठक संपन्न
  • सर्वसम्मति से हुआ नई ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन
  • इंद्रवती मरकाम बनीं अध्यक्ष

मंडला महावीर न्यूज 29. सरकारी स्कूलों में मध्याह्न भोजन पकाने वाले रसोईयों को महीनों से मानदेय न मिलने के कारण उनमें भारी असंतोष और आक्रोश व्याप्त है। अपनी मांगों और अधिकारों को लेकर 1 नवंबर को घुघरी ब्लॉक मुख्यालय में रसोइया उत्थान संघ समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जहां एक ओर संगठन का विस्तार कर नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, वहीं दूसरी ओर प्रशासन को खुली चेतावनी दी गई है कि यदि उनकी मांगे जल्द पूरी नहीं हुईं तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

पांच-छह साल से नहीं मिला जून का मानदेय

बैठक में मानदेय के लंबित भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से छाया रहा। उपस्थित रसोईयों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि कई महीनों से उन्हें मानदेय समय पर नहीं मिल रहा है, जिससे उनके सामने परिवार के भरण-पोषण और आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। रसोईयों ने बताया कि जुलाई माह का मानदेय अभी हाल ही में जारी किया गया है, लेकिन कई रसोईयों के खातों में वह भी नहीं पहुंचा है। उनका सबसे गंभीर आरोप यह है कि पिछले पांच-छह वर्षों से उन्हें जून माह का मानदेय दिया ही नहीं जा रहा है। शासन-प्रशासन को इस संबंध में कई बार लिखित आवेदन और ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई।

दो दिन का अल्टीमेटम, फिर होगा धरना-अनशन

बार-बार की अनदेखी से आक्रोशित रसोईयों ने बैठक में सर्वसम्मति से यह कड़ा निर्णय लिया है कि यदि प्रशासन द्वारा दो दिन के भीतर उनके सभी लंबित मानदेय का पूर्ण भुगतान नहीं किया गया, तो वे जिला मुख्यालय कूच करेंगे। जिले भर के रसोइए एकजुट होकर मंडला कलेक्ट्रेट के सामने अनिश्चितकालीन धरना और अनशन शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

नई ब्लॉक कार्यकारिणी का हुआ गठन

आंदोलन की रूपरेखा तय करने के साथ ही, बैठक में संगठन के संस्थापक व संयोजक पी.डी. खैरवार की सहमति से ब्लॉक स्तरीय समिति का विस्तार किया गया। सर्वसम्मति से गठित इस नवीन ब्लॉक कार्यकारिणी में इंद्रवती मरकाम को ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा सकुन मसराम को सचिव, भारती बाई और उर्मिला मार्को को कोषाध्यक्ष, श्याम बती को उपाध्यक्ष तथा शांति बाई को सहयोगी सदस्य के रूप में चयनित किया गया है। इस महत्वपूर्ण बैठक में घुघरी ब्लॉक की बड़ी संख्या में रसोइया महिलाएं उपस्थित रहीं।


Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

You May Like This